रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 दिसंबर। राजधानी रायपुर में मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी की घटनाएं बढ़ गई है। बीते दो दिनों में अलग-अलग थाना इलाकोंं में पीडितों ने थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामलों में जांच शुरू कर दी है।
खम्हारडीह पुलिस के मुताबिक बीएसयूपी कॉलोनी कचना में एक युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। धारणी,साहू निवासी ग्राम बरबसपुर ने बताया कि वह वर्ष 2024 में रायपुर में नौकरी के दौरान अपनी चाची के घर रह रही थी। जहां उसकी पहचान कुणाल साहू से हुई थी। 20 दिसंबर को वह कुणाल के घर गई थी, इसी दौरान कुणाल साहू, उसकी मां एवं अन्य परिजनों ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। धारणी साहू ने इसकी शिकायत थाने में की है।
उधर कबीर नगर में पुरानी रंजिश को लेकर लोकेश तिवारी और उसके साथी ने साहिल पर हमला कर दिया। साहिल ने बताया कि 24 दिसंबर को दोपहर जेपी चौक के पास गया था। जहां पर लोकेश और उसके अन्य साथी भी वहीं पर थे। जो साहिल को पुरानी बात को लेकर गाली गलौज कर रहे थे। जिसका विरोध करने पर आरोपी लोकेश तिवारी ने अपने साथी के साथ मिलकर हाथ मुक्का और पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में साहिल की आंख और माथे के पास चोट आई। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तेलीबांधा के कैपिटल प्लाजा फल मंडी लालपुर में विवाद के बाद मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। ओंकार सिंह ने बताया कि परिसर में पेड़ की कटाई से फैली गंदगी को लेकर ताज मोटर वर्क्स के मालिक मोहम्मद नईम से विवाद हुआ। कुछ देर बाद आरोपी के भाई अब्दुल फहीम एवं अन्य साथियों ने आकर गाली-गलौच, धक्का-मुक्की और मारपीट की तथा बंदूकनुमा वस्तु दिखाकर धमकी दी। घटना में ओंकार को पैर और छाती में चोट आई। कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया।