रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 दिसंबर। सेंट्रल जेल में गैंगवॉर थमने का नाम नहीं ले रही। आरोप यह भी है कि जेल में मारपीट और चाकूबाजी ब्लेड से हमले की सुपारी दी जा रही है। बीते दिन एक घटना में कुशाल तोलानी पर चाकू से हमला किया गया। कुशाल, श्याम नगर निवासी सिंधी समाज के पुरोहित यश शर्मा हत्या कांड का मुख्य गवाह है। कुशाल को प्रतिबंधित धाराओं के एक मामले में मात्र एक दिन के लिए न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। इसी दौरान जेल में पहले से बंद हत्याकांड के आरोपियों ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए उस पर हमला करवाया। इसमें वह घायल हो गया। घायल कुशाल तोलानी को अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई थी। घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
इससे पहले उसे फोन पर धमकियां दी जा रहीं थी। जिला दंडाधिकारी और, एसएसपी से भी शिकायत की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जानबूझकर गवाह को जेल में भेजकर उसकी हत्या की साजिश रची गई और जेल प्रशासन इस हमले को रोकने में पूरी तरह विफल रहा। मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है। जेल प्रशासन आज प्रहरियों पर कार्रवाई कर सकता है।
यहां बता दें कि पिछले वर्ष 13 अक्टूबर को यश का अपहरण कर शगुन फॉर्म हाऊस में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में तुषार पाहुआ, यश खेमानी, चिराग पंजवानी को गिरफ्तार किया था। इस केस की तीन माह में सुनवाई की गई थी। इसमें 28 गवाहों ने हवाही दी थी। अपर सत्र न्यायाधीश पंकज सिन्हा ने अगस्त 25 में इन आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। जिस दिन सजा सुनाई गई उस दिन भी आरोपियों ने कोर्ट परिसर में ही धमकियां दी थी। सभी आरोपी रायपुर जेल में सजा काट रहे हैं।