रायपुर

तेलीबांधा शूटआउट स्वीकारा मयंक ने
25-Dec-2025 9:47 PM
तेलीबांधा शूटआउट स्वीकारा मयंक ने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 दिसंबर। गैंगस्टर मयंक सिंह को 4 दिन की रिमांड पर लेने के बाद तेलीबांधा पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। मयंक को पीआरए कंपनी शूटआउट के मामले में रिमांड पर लिया है। एसएसपी लालउम्मेद सिंह ने मीडिया को बताया कि मयंक ने उक्त फायरिंग स्वीकार की है। उसने बताया कि अमन साव को 10 लाख रूपए में फायरिंग की सुपारी दी थी। यह फायरिंग पीआरए कंपनी से 1 करोड़ से अधिक की वसूली के लिए की गई थी। मयंक ने उस शूटआउट के बाद मीडिया को धमकीभरे मेल भेजने की बात भी स्वीकारी है। इससे पहले मयंक को लेकर एटीएस झारखंड 15 सशस्त्र जवानों की कड़ी सुरक्षा में लाया गया था।  मयंक, तेलीबांधा शूट आउट को लेकर वांटेड था। मयंक, अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर लारेंस विश्नोई गिरोह का अहम सदस्य है, और लॉरेंस-अमन साव गैंग के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाता था। वह अब तक झारखंड जेल में बंद है।

बता दें कि, जुलाई 2024 में  रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी पीआरए  के तेलीबांधा स्थित दफ्तर में  हुए शूट आउट का अमन साव गैंग के लोगों ने किया था। इस मामले में रायपुर पुलिस ने दिल्ली, पंजाब, झारखंड आदि प्रदेशों से अमन साव गिरोह के 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से सभी रायपुर जेल में है। इन लोगों ने तेलीबांधा पीआरए कंपनी से 1 करोड़ की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने अमन साव को भी गिरफ्तार किया था। उसे रांची ले जाते समय झारखंड पुलिस के एटीएस एनकाउंटर में मार गिराया था।

मयंक सिंह को इंटरपोल की मदद से अजरबैजान में गिरफ्तार किया गया था। आज रिमांड लेकर रायपुर पुलिस पीआरए शुटआउट और अन्य मामलों में पूछताछ करेगी। मयंक पर तेलीबांधा शुटआउट की सुपारी देने का मामला दर्ज है।


अन्य पोस्ट