रायपुर

बंद समर्थक कार्यकर्ताओं ने मैग्नेटो मॉल में की तोडफ़ोड़
24-Dec-2025 9:20 PM
बंद समर्थक कार्यकर्ताओं ने मैग्नेटो मॉल में की तोडफ़ोड़

अन्य मॉल भी खाली कराए गए, ब्लिंकिट कर्मी के साथ मारपीट भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 दिसंबर। बुधवार को बंद के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने खुली दुकानों और आयोजनों को लेकर जमकर विरोध किया। रायपुर के कटोरा तालाब स्थित ब्लिंकिट के ऑफिस में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कर्मचारियों से मारपीट की। कार्यकर्ता मारपीट करते हुए सीसीटीव्ही फुटेज भी सामने आया है। जिसमें डिलीवरी के दौरान दुकान में घुसकर मारपीट की है। लाठी से मारते हुए दिख रहे हैं।  इसके अलावा मैग्नेटो मॉल में भी जमकर तोडफ़ोड़ किया। ये कार्यकर्ता मॉल के मुख्य द्वार, और एंट्री लॉबी में क्रिसमस को लेकर सजाए गए स्थल को तोड़ा। सभी कार्यकर्ता लाठी डंडों से लैस थे, और शांताक्लाज की प्रतिमाओं को तोड़ते जा रहे थे। इन कार्यकर्ताओं ने पूरे मॉल में चक्कर लगाकर दहशत भी बनाया। इससे पहले हिन्दूवादी संगठनों के इन कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर में बाईक रैली निकालकर भी छोटे-छोटे कारोबारियों को दुकानें बंद करने धमकाते रहे। इन मामलों को लेकर पुलिस ने शिकायत या रिपोर्ट दर्ज नहीं की। रायपुर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गुंडागर्दी की है। ब्लिंकिट के ऑफिस में घुसकर कर्मचारियों को लाठी से पीटा है। मेग्नेटो मॉल में हुई तोडफ़ोड़ के बाद राजधानी के अम्बुजा, 36मॉल, देवेन्द्र नगर के सिटी सेंटर मॉल में भी इसकी दशहत देखने को मिली। ये उत्पाती कार्यकर्ता यहां भी न पहुंचे यह समझकर पुलिस ने सभी मॉल को खाली कराया, और जो लोग पहुंच रहे थे उन्हें वापस भेजा। मॉल के बाहर सुरक्षाकर्मी डंडे लेकर तैनात किए  गए थे। मेग्नेटो में उत्पात देखने वाली युवतियों ने मीडिया से कहा कि जमकर गुंडागर्दी, गाली गलौच की गई।

बंद को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का समर्थन दिया है। इस पर कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा यह बंद संघ और सरकार प्रायोजित था। बंद कराने वाले संघ से जुड़े संगठनों के लोग थे। सरकारी अमला उनका समर्थन कर रहा था। प्रदेश के कोने-कोने में गुंडागर्दी की गई। मॉल के अंदर सैकड़ों लोग घूस गए, और तोडफ़ोड़ की। राजनांदगांव में आम लोगों को रोककर मारपीट की गई।


अन्य पोस्ट