रायपुर

सरफिरे ने युवती को धमकी दी, आटो सेंटर संचालक पर हमला
21-Dec-2025 8:47 PM
सरफिरे ने युवती को धमकी दी, आटो सेंटर संचालक पर हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 दिसंबर। राजधानी और उससे लगे गोबरानवापारा इलाके में जबरन मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। इसमें एमबीए की एक छात्रा को उसके ही सहपाठी ने शादी से इनकार करने पर अभद्र व्यवहार कर धमकी दी। वहीं नवापारा में एक आटो सेंटर संचालक के साथ युवक ने जबरन मारपीट कर दी।  पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज किया है।

मौदहापारा पुलिस के मुताबिक पीडि़ता लक्ष्मी पाठक ने पुलिस को बताया कि उसका पूर्व सहपाठी प्रशांत बोई एकतरफा प्रेम करता था और शादी का प्रस्ताव देता रहा, जिसे अस्वीकार करने पर उसने शादी न करने पर धमकीऔर गाली गलौज करता था। 19 दिसंबर की रात करीब 10 बजे आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ बीजेपी कार्यालय के पास स्थित शुलभ कॉम्प्लेक्स पहुंचा और छात्रा को जबरन साथ चलने के लिए दबाव बनाया। मना करने पर आरोपी ने गालियां दीं और धमकी देकर फरार हो गया।

 उधर गोबरा नवापारा के वार्ड 5 इंदिरा मार्केट में शनिवार शाम एक ऑटो सेंटर संचालक पर जानलेवा हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। ए.के. ऑटो सेंटर संचालक मोहम्मद आदिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी सूरज धु्रव हाथ में लोहे का हसिया लेकर दुकान में घुसा और जबरन गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगा। इस हमले में बीच-बचाव करने आए आदिल के पिता मोहम्मद महमूद गनी के दाहिने हाथ की हथेली में चोट आई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट