रायपुर

पार्टी के दौरान मारपीट, शोभायात्रा में चाकू चला, एक घायल
19-Dec-2025 9:08 PM
पार्टी के दौरान मारपीट, शोभायात्रा में चाकू चला, एक घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 रायपुर, 18 दिसंबर। राजधानी में सिविल लाइन, माना और मंदिर हसौद इलाके में मारपीट की घटना सामने आई है। इस दौरान शहर में घर के सामने झाडू लगाने, शराब पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच विवाद और गुरू घासीदास जयंती शोभायात्रा के बाद झगड़ा विवाद में चाकू से हमला हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की।  सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक कटोरा तालाब, टिकूलबाई गली में झाड़ू लगाने की बात को लेकर विवाद हो गया।  प्रकाश राजपूत ने थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।

उसने बताया कि 17 दिसंबर की सुबह 9 बजे मोहल्ले के अन्नू नागवानी, टिंकू नागवानी, करण नागवानी और नीलम नागवानी उसके घर के सामने आए और घर के सामने कचरा फैलने की बात को लेकर गाली गलौज करने लगे। जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने  जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी ज्ञानी राजपूत साथ भी मारपीट हुई।  पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उधर माना इलाके में शराब पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच विवाद हो गया। इस बीच युवकों ने मारपीट कर दी।

माना कैम्प निवासी कांता ने बताया कि 17 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे वह अपने दोस्त के बुलावे पर नहर किनारे एरिया-36 के पास पहुंचा था, जहां कुछ लोग शराब पी रहे थे। बातचीत के दौरान शुभम यादव और प्रदीप मानिकपुरी आपस में गाली-गलौज कर रहे थे। मना करने पर दोनों ने मिलकर कांता पर हाथ मुक्का से हमला कर दिया।  आरोप है कि प्रदीप मानिकपुरी ने हाथ में पहने कड़े से हमला किया। घटना के बाद आरोपी उसे घर के पास छोडक़र फरार हो गए।

मंदिर हसौद के ग्राम सेडीखेड़ी में शोभायात्रा के दौरान विवाद, बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर चाकू से हमला हो गया।  े विनोद कुमार लहरे ने इसकी रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई कि17 दिसंबर की रात करीब 9.30 बजे शोभायात्रा देखकर लौटते समय मंदिर हसौद रेलवे क्रॉसिंग के पास आरोपी अमरदास मारकंडेय और पूरन बंजारे दीपक साहू के साथ मारपीट कर रहे थे। जिसे देख कर विनोद लहरे ने बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर अमरदास ने अपने पास रखे चाकू से विनोद के कंधे पर वार कर दिया, जबकि पूरन ने जान से मारने की धमकी दी। घटना में विनोद बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसे परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट