रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 दिसंबर। प्रदेश के 88 उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को सरकारी नौकरी दी गई है। यह जानकारी विधानसभा में खेल मंत्री अरूण साव ने ध्यानाकर्षण के जवाब में दी।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम के ध्यानाकर्षण के सूचना के जवाब में खेल मंत्री साव ने बताया कि खेल और खिलाडिय़ों का हित शासन की प्राथमिकता में है। वर्ष-2004 से पूर्व वर्षों से लंबित 2019-20, 2020-21, 2021-22 और 2022-23 के राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन राज्य सरकार द्वारा किया गया। जिससे चार साल में 1143 खिलाड़ी खेल अलंकरण पुरस्कार, और नगद पुरस्कार व खेल वृत्ति पाकर लाभांवित हुए हैं।
साव ने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विसेंट लाकड़ा को प्रतिमाह 5 हजार रूपए आजीवन सम्मान निधि विभाग द्वारा दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि सीधी भर्ती के रिक्त पदों पर स्वीकृत पदों की अधिकतम दो फीसदी पदों पर उत्कृष्ट खिलाडिय़ों की नियुक्ति का प्रावधान है।
खेल मंत्री ने बताया कि वर्ष-2009 से 18 तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ी की घोषणा की जा चुकी है। उनमें से 57 खिलाड़ी पूर्व से केन्द्र और राज्य शासन के सेवा में थे। 88 उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को सरकारी सेवा प्रदान दी गई है।


