रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 दिसंबर। टिकरापारा के धरम नगर इलाके में हनुमान जी की मूर्ति तोड़े जाने का मामला सामने आया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसके विरोध में थाना का घेराव किया है।
जानकारी के अनुसार, तडके एक कथित व्यक्ति स्वयं को जमीन का मालिक बताते हुए जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचा। आरोप है कि जमीन से अवैध कब्जा हटाने के नाम पर उसने वहां चाबूतरे में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति को जेसीबी से तोड़ दिया और मलबे के साथ कचरे में फेंक दिया।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि अवैध तोडफ़ोड़ के दौरान वहां बैठे गौ वंश को भी नुकसान हुआ है। एक बछड़े को भी जेसीबी से गड़ाया गया है।
जब उन्होंने इस कृत्य का विरोध किया, तो संबंधित व्यक्ति ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताते हुए रौब दिखाया और लोगों को धमकाया। वहीं, आरोपी पक्ष का कहना है कि संबंधित जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने तडकेे टिकरापारा थाने का घेराव किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया है कि जमीन को अवैध तरीके से अपना बताकर तोडफोड़ किया गया। उसके पास जमीन के कोई वैध दस्तावेज भी नहीं है। इस बीच टिकरापारा टीआई ने मीडिया को बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए जेसीबी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की भी पड़ताल की जा रही है।
लोगों ने पुलिस को दी यह शिकायत
इस बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस को सौंपे गए शिकायत पत्र में बताया कि पिछले 40 सालों से सार्वजनिक स्थान पर पीपल पेड़ के नीचे हनुमान भगवान की मूर्ति स्थापित की गई थी। साथ ही गौशाला का निर्माण कराया गया था। जहां बीमार और अपाहिज गौवंशों की सेवा की जाती है। इस जमीन को अरिहंत पारेख अपनी बताता है, लेकिन वैध दस्तावेज और सीमांकन करवाने की मांग पर लोगों को ऊंची पहुंच बताकर धमकी देता है। मामले में पहले अनुभाग अधिकारी (राजस्व) की शिकायत पर 5 साल तक वह शांत रहा, हालांकि अब फिर उसने धमकी देना शुरू कर दिया है। कल रात लगभग 2 बजे जेसीबी से गौ शाला में तोडऩे और भगवान हनुमान की मूर्ति खंडित दी गई। इस दौरान हथियार से लैस 2 दर्जन लोगों ने धमकियां दी। गौ शाला का शेड गिरने से दो बछड़े की दबकर मौत हो गई। 32 सालों से गौशाला का संचालन करने वाली दंपत्ति को जान से मारने और उनकी बेटियों के अपहरण की धमकी दी गई।