रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 दिसंबर। बहुचर्चित कोल लेवी वसूली प्रकरण में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने जेल याफ़्ता जयचंद कोशले के विरुद्ध लगभग 1,000 पेज का अभियोग पत्र दाखिल किया है। यह अभियोग पत्र आज विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) रायपुर में प्रस्तुत किया गया। अभियोग पत्र में जयचंद कोशले के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी, 420, 384, 467, 468, 471 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7, 7ए एवं 12 के तहत गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, अभियुक्त जयचंद कोशले उर्फ जय, तत्कालीन मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थ रहते हुए सौम्या चैरसिया का निज सहायक था और उसके अधीनस्थ के रूप में कार्य कर रहा था। वह अवैध कोल लेवी वसूली से प्राप्त भारी नगद राशि का वास्तविक रिसीवर और मध्यस्थ था। जप्त की गई डायरी में जय नाम से अंकित सभी प्रविष्टियां जयचंद कोशले और सौम्या चैरसिया से संबंधित पाई गई हैं, जो अवैध लेन-देन की पुष्टि करती हैं।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, जयचंद कोशले अपराध की पूरी श्रृंखला में एक अहम कड़ी रहा। वह न केवल अवैध रूप से वसूली गई रकम को भौतिक रूप से प्राप्त करता था, बल्कि उसे सौम्या चैरसिया तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी निभाता था। इस प्रकार अवैध धन की रिसीविंग, कस्टडी और ट्रांसफर की पूरी प्रक्रिया में उसकी सक्रिय भूमिका रही।
जांच में सामने आया है कि जयचंद कोशले, सौम्या चैरसिया के निर्देश पर सूर्यकांत तिवारी के निवास सहित अन्य स्थानों से रकम प्राप्त करता था और फिर यह राशि मनीष उपाध्याय या सौम्या चैरसिया द्वारा बताए गए व्यक्तियों को सौंपता था। ईओडब्ल्यू के अनुसार, अभियुक्त ने अवैध कोल लेवी वसूली से लगभग 7 से 8 करोड़ रुपये सौम्या चौरसिया के लिए प्राप्त किए। सूर्यकांत तिवारी और अन्य आरोपियों के मोबाइल फोन से जप्त डिजिटल साक्ष्यों में लेवी से प्राप्त रकम का पूरा लेखा-जोखा मिला है। इसके साथ ही रियल टाइम एंट्री के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में जय नाम से संबंधित कई प्रविष्टियां भी पाई गई हैं, जो अभियुक्त की संलिप्तता को मजबूत रूप से प्रमाणित करती हैं।