रायपुर

राजधानी, न्यायधानी और सूरजपुर में तीन बाबू रिश्वत लेते गिरफ्तार
16-Dec-2025 8:08 PM
राजधानी, न्यायधानी और सूरजपुर में तीन बाबू रिश्वत लेते गिरफ्तार

बिलासपुर में 10 हजार की घूस लेते पकड़ा गया बाबू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 दिसंबर। एंटी करप्शन ब्यूरो  ने आज राजधानी, न्यायधानी और सूरजपुर  जिलों में तीन सरकारी बाबुओं को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

राजधानी रायपुर के चिकित्सा शिक्षा विभाग कार्यालय में भी एसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है। बाबू चवाराम बंजारे को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने रिटायर्ड लैब टेक्निशियन तुकाराम लहरे से जीपीएफ और अन्य भुगतान निकालने के एवज में घूस मांगी थी। शिकायत के बाद एसीबी ने ट्रैप बिछाया और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।बिलासपुर में आदिम जाति कल्याण विभाग के एक बाबू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एसीबी ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना की राशि जारी करने के बदले घूस मांग रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की और रिश्वत की रकम के साथ आरोपी को पकड़ लिया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।

सूरजपुर जिले के जरही तहसील में एसीबी ने तहसील बाबू लोखन राम को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू ने क्षतिपूर्ति मुआवजा प्रकरण निपटाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। पीडि़त पहले ही 15 हजार रुपये दे चुका था, लेकिन बाबू की मांग जारी रही। परेशान होकर पीडि़त ने एसीबी से शिकायत की, जिसके बाद टीम ने ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ लिया। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट