रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 दिसंबर। देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-5 स्थित एक फैंसी लाइट के गोदाम में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर 90,000 की फैंसी लाइट चोरी कर ली। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सांई विहार दलदल सिवनी मोवा निवासी ठाकरमल साहेवाल देवेन्द्र नगर में बेदा डेगो लाइट्स नाम से फैंसी लाइट का शोरूम संचालित करते हैं। शोरूम का गोदाम ई-204, सेक्टर-5 में स्थित है। 13 दिसंबर की शाम करीब 4 बजे गोदाम बंद कर वे शोरूम लौटे थे। अगले दिन रविवार होने के कारण सुबह 11 बजे गोदाम की सफाई के लिए पहुंचे, जहां प्रथम तल के एक कमरे का हेंडल लॉक टूटा हुआ मिला।
सामान का मिलान करने पर विभिन्न मॉडलों की कुल 69 डिब्बा फैंसी लाइट गायब पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 90,000 बताई जा रही है। चोरी की घटना 13 दिसंबर शाम 4 बजे से 14 दिसंबर सुबह 11 बजे के बीच की बताई जा रही है।
देवेन्द्र नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(क) एवं 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।