रायपुर

मेडिकल पीजी स्टेट कोटे में कटौती वापस लेने प्रदर्शन, कल हाईकोर्ट में सुनवाई
15-Dec-2025 8:01 PM
मेडिकल पीजी स्टेट कोटे में कटौती वापस लेने प्रदर्शन, कल हाईकोर्ट में सुनवाई

नर्सिंग स्टॉफ ने भी नियमित भर्ती की मांग को लेकर प्रदर्शन किया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 दिसंबर। छत्तीसगढ़ में मेडिकल पीजी सीटों का स्टेट कोटा घटाकर 25 प्रतिशत कर दिया गया है जिसके विरोध में जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में लड़ाई लड़ रहा है। इस पर कल सुनवाई निर्धारित है। कोर्ट के ही निर्देश पर आयुक्त चिकित्सा शिक्षा ने काउंसिलिंग को स्थगित किया हुआ है।

इससे पहले मेकाहारा कैंपस में आज डॉक्टर्स ने स्टेट कोटा वापिस 50 प्रतिशत करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ ही एकमात्र ऐसा राज्य है जिसने कोर्ट की गाइडलाइन को गलत तरीके से यहां लागू किया है। कोर्ट ने कहा था कि 50 प्रतिशत सीटें ऑल इंडिया कोटे में देनी हैं, यहां पहले ही 50 प्रतिशत सीटे ऑल इंडिया कोटे में दी गई थीं, और 50 प्रतिशत स्टेट कोटे की थी, अब सरकार ने स्टेट कोटे की 50 प्रतिशत सीटों को आधा कर दिया, यानी सिर्फ 25 प्रतिशत सीटें ही छत्तीसगढ़ में एमबीबीएस करने वाले बच्चों को मिल पाएगी, उस पर भी 25 लाख का बोझ कायम है, यानी 25 लाख की व्यवस्था करने के बाद बॉन्ड के साथ बच्चे पीजी कर सकते हैं।

एमबीबीएस स्टूडेंट का कहना है कि ऐसे ही छत्तीसगढ़ में स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की कमी है, अब अगर 75 प्रतिशत सीटों पर बाहर से स्टूडेंट आकर पीजी कर लेंगे, और यहां सेवा नहीं देंगे, तो स्थानीय एमबीबीएस स्टूडेंट्स का विशेषज्ञ बनने का सपना और अपने क्षेत्र में सेवा देने का सपना भी अधूरा रह जाएगा। उन्होंने इससे पहले मुख्यमंत्री से लेकर स्वास्थ्य मंत्री तक स्टेट कोटा वापिस 50 प्रतिशत करने की मांग रखी है। इधर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सरकार से इस मसले पर नोटिस भेजकर जवाब भी मांगा है। हाईकोर्ट ने सरकार से कहा है कि आप अपने नियम से भर्ती कर लीजिए लेकिन हमें गलत लगेगा तो हम रोक देंगे। हाईकोर्ट के इस रुख के बाद सरकार ने काउंसलिंग तो रोक दी है, लेकिन स्टेट कोटा 25 प्रतिशत का आदेश अभी भी कायम है।


अन्य पोस्ट