रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 दिसंबर। बीती रात शहर में मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस बीच कुशालपुर क्षेत्र के पहाड़ी तालाब के पास रविवार रात करीब 9.30 बजे आपसी विवाद के दौरान चाकू से हमला हुआ,दो लोग बुरी तरह घायल हो गए। गोकुल नगर में शराब दुकान के सामने युवक और कुत्ते को लेकर कार मैकेनिक की पिटाई हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्जकर कार्रवाई की है।
पुरानी बस्ती पुलिस के मुताबिक कुशालपुर स्थित पहाड़ी तालाब के पास कल रात मारपीट और चाकूबाजी होने की सूचना मिली थी। विनोवाभावे नगर निवासी युवक अपने दो दोस्तों के साथ रात तालाब के पास बैठा था, तभी आदिवासी कॉलोनी निवासी खेमकरण ध्रुव उर्फ फाइटर अपने दो साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में छबि राम मरकाम के हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि विकास यादव की कमर के ऊपर चाकू से वार किया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधर टिकरापारा इलाके के गोकुल नगर शराब दुकान के सामने रविवार रात करीब 10.30 बजे मारपीट की घटना हुई। कृष्णा नगर निवासी राजेश अपने दोस्तों के साथ दुकान के सामने खड़ा था, तभी जितेश मिश्रा और उसके साथियों से विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि शोर-शराबा करने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी, जिससे राजेश जमीन पर गिर पड़ा। उसे आंख, होंठ, माथा, गाल, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। एक अन्य घटना में संतोषी नगर क्षेत्र में कुत्ते के भौंकने को लेकर हुए विवाद में एक कार मैकेनिक के साथ मारपीट हो गई। पीडि़त शमशेर रविवार को शिव नगर स्थित एक गैरेज में भुगतान करने गया था। तभी पास के घर के पालतू कुत्ते के भौंकने पर विवाद हो गया।
आरोप है कि कुत्ते के मालिक भाऊलाल साहू, उसके बेटे मनीष साहू और पत्नी नलिनी साहू ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और लकड़ी के बत्ते से मारपीट की। इस घटना में शमशेर के हाथों की उंगलियों और सिर के पीछे चोट आई है। पुलिस ने पीडि़त की रिपोर्ट पर मामले की जांच शुरू कर दी है।