रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर/ बिलासपुर। मेडिकल पीजी में एडमिशन कोटे में किए गए संशोधन पर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से दो दिन में जवाब मांगा है। बुधवार सुबह हुई सुनवाई में कोर्ट ने कहा कि जो कोटे की व्यवस्था है वह निजी कालेजों के लिए थी। शासकीय कालेजों को कैसे और क्यों छू लिया नहीं करना था। यह तो ग़लत बात हो गई। विद्वान न्यायाधीश ने कहा कि ऐसे में तो एडमिशन रोकना होगा। इस पर चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से महाधिवक्ता ने पक्ष रखा। इस पर जस्टिस ने जवाब दो दिन में देने और अगली सुनवाई 16 दिसंबर को तय की। इसे लेकर एमबीबीएस छात्रों की ओर से सतीश चंद वर्मा ने जिरह की। इस संबंध में याचिकाकर्ताओं ने कहा कि जो भी फाइनल जजमेंट होगा,वो एडमिशन लेने वालों पर भी लागू होगा। मतलब जो भी ओपन कोटा से एडमिशन लेगा,उसका एडमिशन रद्द होने की पूरी संभावना है। इस रूल्स से एडमिशन नहीं हो सकता है। हमारी कमिश्नर मेडिकल एजुकेशन से अपील है कि किसी भी प्रकार की प्रक्रिया में मेरिट लिस्ट जारी करने से परहेज करें ताकि विवाद की स्थिति ना बने।
दूसरी ओर इस संबंध में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राकेश गुप्ता का कहना है छत्तीसगढ़ राज्य के आयुष विश्वविद्यालय से संबंधित सभी सरकारी एवं प्राइवेट मेडिकल कॉलेज से पास किए हुए एमबीबीएस छात्रों के लिए पीजी सीट का कोटा पहले तक 50प्रतिशत स्नातकोत्तर पीजी सीटों में होता था वर्तमान में राज्य सरकार के राजपत्र में प्रकाशित नए नियम के अनुसार यह घटकर 25 प्रतिशत ही रह जाएगा।
वर्तमान में सभी राज्यों में 50प्रतिशत आवश्यक रूप से अखिल भारतीय स्तर की पीजी सीटों का कोटा होता है शेष 50प्रतिशत राज्य सरकार अपने मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्रों की पीजी सीटों के लिए सुरक्षित रखती है।
इस प्रकार की 75प्रतिशत पीजी सीट का हक करने की व्यवस्था किसी भी राज्य में नहीं है।