रायपुर
कल दुर्ग सबसे गर्म रहा, तो अंबिकापुर सबसे ठंडा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 दिसंबर। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ का असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के पहले सप्ताह से ठंड में बढ़ोतरी होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने के आसार हैं। दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान में गिरावट के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में 1 दिसंबर को हल्की वर्षा और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। अधिकतम तापमान: 30.8डिग्री दुर्ग, न्यूनतम तापमान 8.0डिग्री अंबिकापुर में रहा।
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी तमिलनाड-पडुचेरी तटों पर बना चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ उत्तर की ओर बढ़ते हुए 11.7एउत्तर 80.6ए पूर्व के पास तट से करीब 80 किलोमीटर दूर केंद्रित रहा। मौसम विभाग के अनुसार यह प्रणाली आगे चलकर गहरे अवदाब में कमजोर पड़ सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि बस्तर संभाग में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। किसी प्रकार की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले दो दिनों बाद भी क्षेत्र में छिटपुट वर्षा की स्थिति बनी रह सकती है।
सोमवार को राजधानी रायपुर में आंशिक रूप से मेघमय मौसम रहा। अधिकतम तापमान करीब 28डिग्री और न्यूनतम तापमान 16डिग्री के आसपास रह सकता है।


