रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज 75वें संविधान दिवस के अवसर पर राजधानी के टाउन हॉल में आयोजित हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने उपस्थित जनसमूह के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर अपनी निष्ठा व्यक्त की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदर्शी और संविधान पर आधारित लघु फिल्म भी देखी ।और जनप्रतिनिधियों के साथ इस अवसर को यादगार बनाने के लिए सेल्फी ली। इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
राजभवन सचिवालय में भी वाचन
रायपुर, 26 नवंबर। राजभवन सचिवालय में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर प्रसन्ना, विधिक सलाहकार भीष्म प्रसाद पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया।
ठाकरे परिसर में मना संविधान दिवस
प्रदेश भाजपा कार्यालय ठाकरे परिसर में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जम्वाल ने संविधान को नमन किया तथा संविधान निर्माताओं को स्मरण करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मां भारती, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, प्रदेश मंत्री विद्या सिदार, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी, मोहन पवार, अनुराग अग्रवाल, शंकर अग्रवाल एवं राकेश पांडे आदि उपस्थित थे।
रेलवे अधिकारी कर्मचारियों ने संविधान पढ़ा
रायपुर, 26 नवंबर। रेल मंडल मुख्यालय में डीआरएम दयानंद ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया।


