रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 नवंबर। छत्तीसगढ़ में आज से ठंड की वापसी हो रही है। अगले तीन दिन उत्तरी छत्तीसगढ़ में शीतलहर का पूर्वानुमान जारी किया है।शेष प्रदेश में राज्य में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरने की संभावना है। तापमान में बदलाव के बीच मैदानी क्षेत्रों में मौसम का रुख बदल रहा है। दुर्ग हाल के दिनों में सबसे ठंडा रहा, लेकिन यहां न्यूनतम तापमान तीन दिनों में 10 डिग्री से बढक़र 15.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। रायपुर में भी न्यूनतम पारा 13 डिग्री से बढक़र 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दंतेवाड़ा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। उल्लेखनीय है कि पांच दिन पहले अंबिकापुर का तापमान 6 डिग्री तक पहुंच गया था, जो पिछले दस वर्षों में नवंबर माह का सबसे कम स्तर है। स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने चेतावनी दी कि अचानक तापमान में गिरावट से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
लोगों से अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, अत्यावश्यक स्थिति में ही यात्रा करने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की अपील की गई है।


