रायपुर

बिजली कर्मियों, पेंशनरों पर पीएम सूर्यघर का बोझ
24-Nov-2025 7:29 PM
बिजली कर्मियों, पेंशनरों पर पीएम सूर्यघर का बोझ

योजना थोपने का आदेश अन्यायपूर्ण—महासंघ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 नवंबर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के प्रांताध्यक्ष  वीरेन्द्र नामदेव ने कहा है कि छत्तीसगढ़ विद्युत कंपनी में कर्मचारियों और पेंशनरों पर पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत जबरन सोलर पैनल लगाने का आदेश जारी करना पूर्णत: गलत, अन्यायपूर्ण और असंवैधानिक है। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग में तीन कंपनियां हैं, लेकिन यह आदेश केवल वितरण कंपनी के कर्मचारियों और पेंशनरों पर ही लागू किया गया है।   एक ही विभाग में अलग-अलग मानदंड क्यों लागू किए जा रहे हैं।

महासंघ ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों-पेंशनरों को सोलर पैनल लगाने के लिए बाध्य कर उन्हें बिजली बिल में मिलने वाली रियायती दरों से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि केंद्र सरकार ने अपनी योजना में कहीं भी कर्मचारियों या पेंशनरों के लिए ऐसी अनिवार्यता नहीं बनाई है।और देश के किसी भी राज्य में विद्युत कंपनियों ने ऐसा आदेश लागू नहीं किया है।

महासंघ ने बताया कि कई कर्मचारी व पेंशनर किराए के घरों, शासकीय क्वार्टर्स या बहुमंजि़ला इमारतों में रहते हैं। यह आदेश व्यावहारिक रूप से अमल योग्य नहीं है। साथ ही, एक किलोवाट सोलर सिस्टम की लागत लगभग 70 हजार आती है और बैंक लोन लेने पर दस वर्षों में इसका व्यय 1 लाख से अधिक हो जाता है। जबकि कई कर्मचारियों-पेंशनरों का मासिक बिजली बिल मात्र 700-1000 है। ऐसे में यह आदेश अल्पवेतनधारी वर्ग पर अत्यधिक आर्थिक बोझ थोपने जैसा है। जो अनैतिक भी होगा।

 महासंघ ने सुझाव दिया कि यदि वितरण कंपनी सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना ही चाहती है, तो पहले अपने कार्यालयों, उपकेंद्रों और अन्य सरकारी परिसरों में सोलर पैनल लगाकर उदाहरण प्रस्तुत करे।

महासंघ  के  कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जे पी मिश्रा, महामंत्री अनिल गोल्हानी, संभागीय अध्यक्ष प्रवीण कुमार त्रिवेदी, बी एस दशमेर, आर जी बोहरे, ओडी शर्मा, अनिल पाठक आदि ने कहा है कि ऐसे निर्णय लेने से पहले राज्य के कर्मचारी-पेंशनर संगठनों से चर्चा और सहमति के बाद उन्हें विश्वास में लेना

आवश्यक है।


अन्य पोस्ट