रायपुर

11 मांगों को लेकर 22 से 24 दिसंबर तक काम बंद
20-Nov-2025 7:42 PM
11 मांगों को लेकर 22 से 24 दिसंबर तक काम बंद

धान खरीदी में लगे लोगों पर प्रशासनिक दमन रोकें - फेडरेशन

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 नवंबर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की प्रांत स्तरीय बैठक में  कर्मचारियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध हो रही अवैधानिक एवं दमनात्मक कार्यवाही  की प्रशासनिक प्रवृति की विरूद्ध सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव  पारित किया गया। फेडरेशन ने बुधवार रात मुख्य सचिव विकास शील से मुलाकात कर से तत्काल हस्तक्षेप कर रायपुर कलेक्टर द्वारा धान खरीदी के नाम पर चार शासकीय सेवकों पर दर्ज एफआईआर को निरस्त (शून्य) करने की मांग की है।

फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा,बी.पी. शर्मा,राजेश चटर्जी,चंद्रशेखर तिवारी,पवन शर्मा,जी.आर.चंद्रा,रोहित तिवारी,सतीश मिश्रा,संजय ठाकुर,केदार जैन, मनीष मिश्रा,पंकज पांडेय,जय साहू एवं अरुण तिवारी ने  बताया कि धान खरीदी में कार्यरत कर्मचारियों पर लगातार मानसिक प्रताडऩा एवं अनुचित दबाव बनाया जा रहा है। 

फेडरेशन ने कहा कि सरकार द्वारा धान खरीदी कार्य में लगे गैर विभागीय कर्मचारियों में खरीदी प्रक्रिया का अनुभव नहीं होने से भय और असुरक्षा की स्थिति है। ऐसे मामले में एक कर्मचारी की गिरफ्तारी को फेडरेशन ने प्रदेशभर के कर्मचारियों के लिए काला दिवस निरूपित किया है।

फेडरेशन का आरोप है कि सरकार द्वारा लगातार कर्मचारी संगठनों के  के खिलाफ मनमाने रवैया अपनाया जा रहा है।   लोकतांत्रिक आंदोलन को कुचलने हेतु कर्मचारी नेताओं की गिरफ्तारी, निलंबन एवं बर्खास्तगी जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। एन.एच.एम कर्मचारियों से किए गए वादों का पालन न होना तथा स्वास्थ्य मंत्री के लिखित निर्देशों के बावजूद बहाली न होना एक गंभीर चिंता का विषय है। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र संवाद स्थापित किया जाए। यदि सरकार ने दंडात्मक कार्यवाही को वापस नहीं लिया तो फेडरेशन प्रांतव्यापी हड़ताल करने पर बाध्य होगा।

समिति के प्रबंधक कंप्यूटर ऑपरेटर किसानों के व्यापक हित में काम पर लौटे - बजाज

रायपुर, 20 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ सहकारी नेता अशोक बजाज ने सहकारी समिति के प्रबंधकों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरो से किसानों एवं सहकारिता के व्यापक हित में तत्काल हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने का आग्रह किया है। श्री बजाज ने कहा कि उनकी जायज मांगों के संबंध में सरकार से चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी पहले ही कह चुकें हैं कि धान खरीदी में लगे कर्मचारियों सहित किसी भी व्यक्ति को किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।


अन्य पोस्ट