रायपुर

केपी इस्पात से ट्रांसफार्मर, सूने मकान से नगदी जेवर चोरी
11-Nov-2025 8:07 PM
केपी इस्पात से ट्रांसफार्मर, सूने मकान से नगदी जेवर चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 नवंबर। राजधानी रायपुर में बीते दो दिनों के भीतर चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना धरसींवा थाना क्षेत्र के टांडा गांव की है। जहाँ के.पी. इस्पात कम्पनी में लगे 33 के.व्ही. ट्रांसफार्मर को तोडक़र अज्ञात चोरों ने कॉपर बाइंडिंग वायर और ऑयल चोरी कर लिया। वहीं दूसरी घटना न्यू चंगोराभाठा की है, जहाँ एक गृहणी के सूने मकान से नकदी और जेवरात चोरी हो गए।

पुलिस के मुताबिक पुष्पेंद्र मिश्रा निवासी नेताजी कन्हैयालाल बाजारी वार्ड, गुढिय़ारी ने बताया कि वह टांडा स्थित कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। 9-10 नवंबर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने कंपनी की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और वहां लगे ट्रांसफार्मर को तोडक़र उसके अंदर की कॉपर बाइंडिंग और ऑयल चोरी कर ले गया।

इसकी सूचना दूसरे दिन सुरक्षा गार्ड ने दी। जिसके बाद पुष्पेंद्र ने मौके पर जाकर देखा तो ट्रांसफार्मर पूरी तरह खुला हुआ था। इस चोरी से कंपनी को करीब 4.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

दूसरी घटना डीडी नगर इलाके के न्यू चंगोराभाठा की है। किरण मडामे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 नवंबर को वह अपने परिवार के साथ आमगांव महाराष्ट्र में शादी समारोह में गई थीं। 10 नवंबर को जब वे दोपहर करीब 1 बजे घर लौटीं, तो देखा कि दरवाजे और खिडक़ी की कुंडी टूटी थी।

अंदर जाकर देखने पर अलमारी का लॉकर खुला हुआ था। उसमें रखे 50,000 रुपये नकद और करीब 80,000 के सोने-चांदी के जेवर गायब थे। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ 331-4, 305 ए का अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट