रायपुर
हिड़मा की मां का वीडियो संदेश भी जारी किया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 नवंबर। डिप्टी सीएम गृह विजय शर्मा बस्तर खासकर नक्सली लीडर हिड़मा के गांव के दौरे से लौटे। उन्होंने नक्सल लीडर माड़वी हिड़मा की माता श्रीमती माड़वी पुंजी तथा बारसे देवा की माता श्रीमती बारसे सिंगे से पूवर्ती में हुई मुलाकात के बाद उनके द्वारा अपने अपने बेटों के लिए दिए गए वीडियो संदेशों को मीडिया के समक्ष जारी किया।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि हम पुनर्वास करने वाले सभी लोगों का दिल से स्वागत करते हैं। समय आ गया है जंगल छोड़ सभी युवा मुख्यधारा में लौटें। शासन लाल कालीन बिछाकर सभी का स्वागत करने को तैयार है।
वीडियो में माड़वी हिड़मा की माता श्रीमती माड़वी पुंजी ने कहा है - कहाँ पर हो, आ जाओ कह रही हूं। नहीं आ रहा है तो मैं कैसे करूँ, कहीं आसपास रहने से ढूढऩे भी जाती जंगल में और क्या कहूँ बेटा, आजा। नहीं आ रहा है तो मैं कैसे करूँ आ जा ही बोल रही हूं। घर आजा बोल रही हूं। ढूढऩे जाती आसपास कहीं रहने से जाकर ले आती। कहॉं हो कि बेटा घर आ जाओ,कमाई करके खाएंगे, जिएंगे यहां। जनता के साथ जी लेना आ जाओ।
वहीं बारसे देवा की माता श्रीमती बारसे सिंगे ने कहा कि यहाँ घर पर ही रहकर कमाई करके जिएंगे बोली थी मत जाओ, किंतु चला गया, घर में कमाई करके जिएंगे, घर में ही नांगर-कूली करने वाले कोई नही हैं बोली फिर भी चले गया, क्या करेंगे हम लोग। घर आकर सरेंडर करके घर में कमाई करके खाएंगे, घर आने से अच्छा रहेगा। ऐसे ही मैं बोली कि घर आ जाओ। कुछ दिन पहले भी बोली हूँ। कहीं आस पास रहने से ढूढऩे भी जाते लाने जाते, मैं कहाँ ढूंढूं।