रायपुर

महिला ने पति, ससुरालियों पर लगाए प्रताडऩा के आरोप
11-Nov-2025 8:06 PM
महिला ने पति, ससुरालियों पर लगाए प्रताडऩा के आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 नवंबर। राजधानी रायपुर की महिला ने पति और ससुरालियों के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का आरोप लगाई है। आरोप है कि पति नौशाद अली, सास शमीम यास्मीन और ससुर इम्तियाज अली अमरीन फातिमा के साथ दहेज कम लाने को लेकर गाली गलौज और मारपीट करते थे। इसकी शिकायत अमरीन फातिमा ने महिला थाना में दर्ज कराई है।

रिपोर्ट में बताया कि नौशाद अली से 8 मई 2023 को प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद पति और ससुरालजनों ने उसे यह कहते हुए प्रताडि़त करना शुरू किया कि वह गरीब घर से आई है और दहेज में कुछ नहीं लाई। परिजनों से 20 लाख रुपये की मांग कर मानसिक और शारीरिक रूप से उत्पीडऩ किया।

अमरीन फातिमा ने अपनी शिकायत में कहा है कि गर्भावस्था के दौरान भी उसे घर के सारे काम करवाए जाते थे और जानबूझकर गर्म चीजें खिलाकर गर्भ गिराने की कोशिश की जाती थी। विरोध करने पर सास-ससुर और पति तीनों ने उसे गालियां दीं और मारपीट की।

 यह भी आरोप है कि उसका पति रात में अप्राकृतिक यौन संबंध बनाता था, मना करने पर मारपीट करता था और सोशल मीडिया पर अन्य महिलाओं से अश्लील चैट करता था। इन अत्याचारों के कारण उसका स्वास्थ्य बिगड़ गया और उसे ब्लड क्लॉट की समस्या हुई।

महिला ने यह भी बताया कि जब उसके माता-पिता उसे लेने ससुराल पहुंचे, तो ससुरालवालों ने उसके पिता से दबाव में एक स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर करवाए और फिर उसे मायके भेज दिया। इसके बाद पति ने उससे कोई संबंध नहीं रखा और समाज में बदनाम करने की कोशिश की।

पीडि़ता ने कहा कि उसने पहले भी 7 अक्टूबर 2025 को महिला थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर काउंसलिंग कराई गई, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका। अब उसने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


अन्य पोस्ट