रायपुर
इन लोगों के पैसे ब्याज में चलाता था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 नवंबर। कल कोर्ट से पांच दिन की रिमांड मिलने के बाद पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर सूदखोर वीरेंद्र तोमर से पूछताछ की। यह पूछताछ एसएसपी लाल उमेद सिंह, सीएसपी पुरानी बस्ती और अन्य अधिकारियों ने की।
आधी रात बाद तक चली पूछताछ में उसने सूदखोरी के अपने गैरकानूनी कारोबार के कई जानकारी दी। उसने पुलिस को बताया कि उसकी मदद से कई कारोबारी और राजनीतिक दलों के नेता अपना पैसा ब्याज पर चलाते रहे। वीरेंद्र ने इनमें से कुछ के नाम भी पुलिस को बताए हैं। यही पैसा वह अपने कर्जदारों को देता। और रहन के रूप में ब्लैंक चेक, जमीनों संपत्ति के कागजात अपने कब्जे में रखा लेता। वह लोगों से मूलधन से अधिक वसूली करता रहा है। उसने अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ मिलकर विंसी फायनेंसर सिंडिकेट कंपनी बनाई है।
पुलिस उससे उसके निवेश और संपत्ति की जानकारी ले रही है। साथ ही फरार भाई रोहित तोमर को लेकर भी पूछताछ कर रही है। दोनों भाइयों पर तेलीबांधा, पुरानी बस्ती, डीडीनगर में कुल एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। इनमें से किसी एक मामले में जमानत मिलने पर अन्य मामलों में बाकी थाना पुलिस गिरफ्तार करेगी।