रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 नवंबर। डेढ़ माह पहले एक प्रदेश महासचिव जसबीर सिंह चावला के इस्तीफे के बाद मूल कैडर में मची हलचल के बाद आम आदमी पार्टी ने अपने सबसे पुराने कार्यकर्ता और अन्ना आंदोलन के साथी उत्तम जायसवाल को छत्तीसगढ़ प्रदेश ईकाई का कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश संगठन में बड़ी पकड़ होने के कारण कुछ महीनों पहले ही उन्हें प्रदेश संगठन महासचिव बनाया गया था। प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय संगठन महासचिव डॉ. संदीप पाठक और प्रदेश सह प्रभारी मुकेश अहलावत द्वारा जारी पत्र में उत्तम जायसवाल को प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। उत्तम जायसवाल की इस नियुक्ति पर आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं और अन्य पदाधिकारियों ने स्वागत किया है।और सभी ने उम्मीद जताई हैं कि उनके नेतृत्व में आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ नई ऊंचाइयों को छुएगी और जनता की आवाज़ को और मज़बूती से उठाएगी।
यहां बता दें कि चावला ने अपने इस्तीफे पर पार्टी में अव्यवस्था, दिशाहीनता, जवाबदेही की कमी के साथ प्रदेश अध्यक्ष पर हुक्मरानी का आरोप लगाया था। जनवरी 24 में कोमल हुपेंडी के इस्तीफे के बाद पार्टी नेतृत्व ने गोपाल साहू को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था।जो पूर्व में कांग्रेस पार्टी में रहें हैं। तब से लेकर पार्टी का मूल कैडर नाराज हलचल रहा था। चावला का इस्तीफा भी उन्हीं कारणों में से एक बताया गया था। पार्टी नेतृत्व ने उत्तम की नियुक्ति कर कैडर को जोड़े रखने का संदेश दिया है।


