रायपुर

250 परिवारों ने फिर से हिन्दू धर्म अपनाया-प्रबल प्रताप
08-Nov-2025 8:12 PM
 250 परिवारों ने फिर से हिन्दू धर्म अपनाया-प्रबल प्रताप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 नवंबर। गुढिय़ारी स्थित दही हांडी मैदान में स्वामी नरेंद्राचार्य के प्रवचन दर्शन कार्यक्रम में 250 परिवारों ने ईसाई धर्म छोड़ हिंदू धर्म अपनाया। भाजपा नेता प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सच्चिदानंद  उपासने ने सभी का पैर धोकर घर वापसी कराई। इससे पहले सभी परिवार  हवन पूजन में भी शामिल हुए। एक लंबे अरसे बाद राजधानी में इतनी बड़ी संख्या में परिवारों ने घर वापसी की।

प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए  लोगों ने बताया कि उन्हें बरगलाकर धर्म परिवर्तन कराया गया। उन्हें कहा गया था कि यह बदलाव उनके स्वास्थ्य या जीवन के लिए लाभकारी होगा, लेकिन बाद में उन्हें उस धर्म में कोई संतोष नहीं मिला और उनका उस धर्म से मोहभंग हो गया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें अपने धर्म में लौटकर अच्छा लग रहा है।

इस दौरान  स्वामी नरेंद्राचार्य ने कहा कि वे अब तक देशभर में करीब 1 लाख 53 हजार परिवारों की घर वापसी करा चुके हैं। उन्होंने धर्मांतरण को गलत बताते हुए कहा कि इसे रोकने के लिए सरकार को सख्त कानून बनाना चाहिए। सरकार को वेद आधारित स्कूलों का निर्माण करना चाहिए। इसके लिए वेद पाठशालाएं भी चलाई जा रही हैं। उनका लक्ष्य है कि वेद आधारित शिक्षा के माध्यम से नए पुरोहित तैयार किए जाएं और हिंदू धर्म के सभी जातियों के बच्चे पुरोहित बन सकें। प्रबल प्रताप ने बताया कि उनके पिता, दिलीप सिंह जूदेव, राजा होकर भी लोगों के पैर पखारते थे। उन्हीं की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने यह कार्यक्रम आयोजित किया।आने वाले दिनों में यह अभियान सुदूर इलाकों तक जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट