रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 नवंबर। ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रगीत की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज देशभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक दिन को छत्तीसगढ़ में भी बड़े उत्साह और गर्व के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इस अवसर पर सभी ने वंदे मातरम के उद्घोष के साथ आज़ादी की राष्ट्रीय चेतना का पुण्य स्मरण किया और अमर बलिदानियों को नमन किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ पर नई दिल्ली में आयोजित स्मरणोत्सव में वर्चुअली शामिल हुए और प्रधानमंत्री का उद्बोधन भी सुना।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सांसद चिंतामणि महाराज, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, संस्कृति विभाग के सचिव रोहित यादव, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, मुकेश बंसल, पी. दयानंद, डॉ. बसवराजू एस. सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
डेका ने भी गाया
- राजभवन, में भी भावपूर्ण सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। नई दिल्ली से हो रहे सीधे प्रसारण को राज्यपाल रमेन डेका,सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देखा और एक स्वर में वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया।
रेडक्रॉस सभाकक्ष में हुआ
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, विधायक अनुज शर्मा, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह तथा अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन सहित जिले के अधिकारी, कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।सभी ने एक स्वर में भावपूर्ण तरीके से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया।
पॉवर कंपनी में सामूहिक गान
पॉवर कंपनी के मुख्यालय डंगनिया स्थित विद्युत सेवा भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन सुना गया। तत्पश्चात् पॉवर कंपनी के एमडी एसके कटियार, राजेश कुमार शुक्ला एवं भीमसिंह कंवर एवं निदेशक आरए पाठक सहित तीनों कंपनियों के उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों ने वंदे मातरम् का सामूहिक गान और भारत माता की जय और वंदे मातरम् का उद्घोष किया।कार्यक्रम का संचालन अति. महाप्रबंधक (जनसंपर्क) उमेश कुमार मिश्रा ने किया।
संचालनालय स्वास्थ्य में भी गूंजा राष्ट्रगीत
संचालनालय स्वास्थ्य, नवा रायपुर परिसर आयुक्त सह संचालक डॉ प्रियंका शुक्ला, संयुक्त संचालक श्रीमती प्रेमलता चंदेल, संयुक्त संचालक आरसीएच डॉ निर्मला यादव सहित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने राष्ट्रगीत "वंदे मातरम्" का सामूहिक गान कर मां भारती के प्रति अपनी श्रद्धा व एकता का भाव प्रकट किया।
ठाकरे परिसर में सुजलाम-सुफलाम
प्रदेश कार्यालय ठाकरे परिसर में प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय, कार्यालय प्रभारी अशोक बजाज, पूर्व विधायक रजनी त्रिपाठी, प्रवक्ता शताब्दी पांडे एवं किरण बघेल के अलावा कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
निगम के सभी दफ्तरों में भी गूंजा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरक उदबोधन और संगीतमय लयबद्ध वन्देमातरम की सुन्दर प्रस्तुति को निगम के सभागार में महापौर श्रीमती मीनल चौबे, सभापति सूर्यकान्त राठौड़, आयुक्त विश्वदीप ने भी सुना और गाया। ऐसे आयोजन सभी 10 जोन कार्यालयों में पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों ने सुना और राष्ट्रगीत वन्देमातरम का सामूहिक जयघोष किया।


