रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 नवंबर। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव आज बस्तर के दौरे पर जाने से पहले एयरपोर्ट में मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर से शीघ्र ही सशस्त्र नक्सलवाद का अंत होगा। उन्होंने कहा कि बस्तर में अब खुशहाली और तरक्की का नया दौर शुरू होगा।
श्री साव ने प्रदेश कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात कांग्रेस की समझ में आने वाली नहीं है। भाजपा सरकार ने सरगुजा से नक्सलवाद समाप्त की है। और बस्तर में भी हमारी सरकार ने नक्सलियों को हाशिए पर धकेल दिया था। नक्सली कुछ हिस्से पर ही बचे थे। लेकिन प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद नक्सलियों को पाला पोसा। अब फिर से हमारा बस्तर, छत्तीसगढ़ और देश नक्सल मुक्त होने जा रहा है। इनके रिश्ते जग जाहिर है। ये समाज और देश को तोडऩे वाले लोगों के साथ खड़े रहते हैं। इसे पूरा देश जानता है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि आज प्रदेश के सभी जिलों में आज से राज्योत्सव का शुभारंभ किया जा रहा है, और हर जिले में उत्साह और गर्व का वातावरण है।
बिहार चुनाव पर कांग्रेस नेताओं के बयानों पर साव ने कहा कि कांग्रेस की बिहार में कोई राजनीतिक हैसियत नहीं बची है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब क्षेत्रीय दलों की पिछलग्गू बनकर चुनाव लड़ रही है और भाजपा को हराने के सपने देखना मात्र हास्यास्पद है। बिहार में पुन: दो-तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी।


