रायपुर

शहर कांग्रेस अध्यक्ष, दावेदार दिखा रहे ताकत
12-Oct-2025 7:16 PM
शहर कांग्रेस अध्यक्ष, दावेदार दिखा रहे ताकत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

रायपुर, 12 अक्टूबर। कांग्रेस में शहर जिला अध्यक्ष की चयन प्रक्रिया के दौरान रविवार को पूर्व मेयर एजाज ढेबर के समर्थकों ने शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान समर्थकों ने नारेबाजी भी की। इससे परे केंद्रीय पर्यवेक्षक प्रफुल्ल गुडाधे ने रायपुर दक्षिण विधानसभा के पदाधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा की।

केंद्रीय पर्यवेक्षक गुडाधे पहले रायपुर पश्चिम और रायपुर दक्षिण के पदाधिकारियों से रायशुमारी कर चुके हैं। आज सुबह 11 बजे गांधी चौक स्थित कांग्रेस भवन में रायपुर दक्षिण के पदाधिकारियों को चर्चा के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान पूर्व मेयर एजाज ढेबर के समर्थक भी बड़ी संख्या में पहुंचे थे। उन्होंने जमकर नारेबाजी भी की।

ढेबर ने अब तक खुले तौर पर शहर जिला अध्यक्ष के लिए दावेदारी नहीं की है, लेकिन चर्चा है कि कुछ लोग उन्हें बनवाना चाहते हैं। हालांकि आज पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, और अन्य प्रमुख नेता भी केंद्रीय पर्यवेक्षक से चर्चा के लिए पहुंचे थे। शहर जिला अध्यक्ष पद के लिए पूर्व पार्षद श्रीकुमार मेनन, शिव सिंह ठाकुर, घनश्याम राजू तिवारी, दीपक मिश्रा, और सुबोध हरितवाल का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। अभी तक पदाधिकारियों की राय इन्हीं नेताओं के बीच रही है।

केंद्रीय पर्यवेक्षक प्रफुल्ल गुडाधे सोमवार से रायपुर ग्रामीण विधानसभा के ब्लाकों में जाकर पदाधिकारियों से रायशुमारी करेंगे। रायपुर ग्रामीण के लिए मौजूदा अध्यक्ष उधोराम वर्मा, पूर्व प्रदेश  अध्यक्ष धनेन्द्र साहू के पुत्र प्रवीण साहू, सौरभ मिश्रा, राजेन्द्र पप्पू बंजारे, तिल्दा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष राम गिडलानी सहित कई अन्य नाम चर्चा में है। केन्द्रीय पर्यवेक्षक सभी ब्लाकों में जाकर पदाधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे। 18-19 को पर्यवेक्षक एआईसीसी को अपनी अनुशंसा भेज देंगे।


अन्य पोस्ट