रायपुर
घटना स्थल की तस्वीरें...
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अक्टूबर। राजधानी के टिकरापारा इलाके के लालपुर स्थित पटेल चौक के एक मकान में एमएमआई अस्पताल की नर्स की हत्या हो गई। खून से लथपथ युवती की लाश घर के कमरे में मिली है। मृतका की पहचान प्रियंका दास (23) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंच कर पंचनामा कर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है। और हत्या के संदेही युवक को हिरासत में ले लिया है।
अब तक की जांच के हवाले से पुलिस ने प्रेम त्रिकोण में हत्या करना बताया है। मृतका प्रियंका, मूलत: चिरमिरी की निवासी थी। और टिकरापारा के इस घर में एक अन्य सहेली के साथ किराए पर रह रही थी। उसकी सहेली सरोज यादव भी स्टाफ नर्स है। जो रात ड्यूटी पर गई थी। सुबह ड्यूटी से वापस आई तो देखा प्रियंका फर्श पर खून से लथपथ पड़ी हुई है। मकान मालिक को सूचित कर उनकी मदद से अस्पताल ले जाने पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल की ने घटना स्थल की प्रारंभिक जांच और मकान मालिक, रूम मेट से पूछताछ की। इसके मुताबिक प्रियंका का अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ कुछ दिनों से अनबन चल रहा था। इस घटना के पीछे इसे अहम कारण मान रही है। अनबन से नाराज युवक ,कल रात या आज सुबह आया, और दोनों के बीच कहासुनी, और संघर्ष के बाद युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना स्थल से चाकू बरामद किया गया है। पुलिस के सामने मकान मालिक के एक सदस्य का कहना था कि चूंकि दोनों लड़कियां रहती थी इसलिए उनसे बोलचाल कम ही होती रही। अब तक की जांच के हवाले से एएसपी पश्चिम ने बताया कि लव ट्राइंगल में हत्या की गई। मृतका की दुर्गेश नामक युवक से दोस्ती थी। यह दोस्ती, पूर्व में काम करने वाले अस्पताल में हुई थी। वहीं प्रियंका की
चिरमिरी के सन्नी नामक युवक से भी पिछले 7 साल से फ्रेंडशिप थी। इसे लेकर ही इनके बीच विवाद चल रहा था। कल रात से आज सुबह के बीच किसी समय आकर आरोपी ने मृतका के सीने में चाकू मारकर जान ले ली। मृतका के हाथ में भी चाकू मिला। इसमें खून के निशान नहीं मिले।कमरे में संघर्ष होने की आशंका है।घटनास्थल पर मिले कई सीसीटीवी खराब होने से क्लू नहीं मिला। इस जांच के बाद पुलिस ने दुर्गेश को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस देर शाम तक पूरे मामले का अधिकृत खुलासा करेगी।


