रायपुर

लोकतांत्रिक तरीके से जिला अध्यक्ष का चयन- बैज
08-Oct-2025 8:30 PM
लोकतांत्रिक तरीके से जिला अध्यक्ष का चयन- बैज

कांग्रेस व्यक्तिवादी पार्टी - श्याम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कांग्रेस में संगठन की मजबूती और संगठन के विस्तार का कार्यक्रम संगठन सृजन पूरे प्रदेश में चल रहा। लगभग सभी जिलों में 11 राष्ट्रीय पर्यवेक्षक आ चुके है। कुछ एक दो दिन में आयेंगे। संगठन सृजन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। सभी जिलों में बढ़ चढ़ कर लोग दावेदारी भी कर रहे और लोग अपनी राय भी दे रहे ।यह कांग्रेस के अंदर का लोकतांत्रिक  तरीके से जिला अध्यक्ष का चयन होगा। यह कांग्रेस के अलावा किसी अन्य दल में देखने को नहीं मिलेगा।

 बैज ने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण प्रदेश में नकली और अमानक दवाएं धड़ल्ले से बिक रही है। लगभग आधा दर्जन से अधिक मेडिकल कालेजों और जिला  अस्पतालों में अमानक दवाएं मिली है। देश भर में कफ सिरफ की गड़बडिय़ों से भी सरकार सचेत नहीं हुई है। केवल एक आदेश निकाल दिया गया कि प्रदेश में 2साल से कम के बच्चों को कफ सिरफ नहीं दिया जाएगा। लेकिन अमानक कफ सिर्फ की गुणवत्ता जांचने बाजार में उसकी उपलब्धता रोकने कोई कार्यवाही छापेमारी नहीं की गई।

इस पर भाजपा नेता स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस जब भी चुनाव कराती है विवाद हो जाता है। कांग्रेस दिशाहीन, व्यक्तिवादी पार्टी है। अमानक दवाओं की आपूर्ति पर बैज के बयान पर मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने  कार्यकाल में कमीशन के लिए  सीजीएमएससी से दवाएं खरीदी।


अन्य पोस्ट