रायपुर

शहर व ग्रामीण के सभी मंडलों ने की अगुवानी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 सितंबर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा का गुरुवार को राजनांदगांव जिले में प्रथम आगमन हुआ। इस दौरान युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जिलेभर से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा और नारे लगाकर प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
जिलाध्यक्ष मोनू बहादुर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर स्वागत का सिलसिला ग्राम टेड़ेसरा से शुरू हुआ, जहां ग्रामीण मंडल युवा मोर्चा ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद राहुल टिकरिहा का काफिला सबसे पहले डोंगरगढ़ पहुंचा, जहां उन्होंने मां बम्लेश्वरी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में क्षेत्रीय पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से उन्होंने भेंट की और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में मार्गदर्शन दिया। दर्शन उपरांत प्रदेश अध्यक्ष चंद्रगिरी तीर्थ भी पहुंचे। यहां से सडक़ मार्ग से राजनांदगांव के लिए रवाना हुए। ग्राम तुमड़ीबोड़ में पदाधिकारियों यश पारख, राजू यदु, तिमेश साहू सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने उन्हें मालाओं से लादकर उनकी अगुवानी की।
संस्कारधानी में प्रवेश करते ही आंबेडकर चौक पर जिला भाजयुमो की टीम ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच उनका स्वागत किया। यहां मंच पर चढक़र प्रदेश अध्यक्ष ने सभी का अभिनंदन किया और युवाओं के इस जोश को सराहते कहा कि यह संगठन क्षमता और एकता ही भाजयुमो की पहचान और भाजपा के संस्कार हैं। इसके बाद काफिला प्यारेलाल चौक पर रिभय मधुसूधन यादव ने टीम के साथ और महावीर चौक में उत्तर दक्षिण मंडल अध्यक्ष सज्जन ठाकुर, प्रखर श्रीवास्तव के नेतृत्व में मंडल पदाधिकारियों ने अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
जिला कार्यालय में अभिनंदन समारोह
शहर भ्रमण के बाद प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा का काफिला जिला भाजपा कार्यालय पहुंचा, जहां अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, महांत्री सौरभ कोठारी और रविंद्र वैष्णव, मोनू बहादुर सिंह, सुमित भाटिया, गोलू गुप्ता भी मौजूद रहे। मंच पर जिले के वरिष्ठ नेताओं, भाजपा पदाधिकारियों और युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इस दौरान संगठन विस्तार, युवाओं की भागीदारी और आने वाले समय की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के समापन बाद प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने स्पीकर हाऊस पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन गोकुल सूर्यवंशी ने किया।