रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अगस्त। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री विदेश से निवेश लाने का दावा कर जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे पर हैं। वहीं प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद 4288 कंपनिया बंद हो चुकी है। बुधवार को पत्रकारों से चर्चा में बैज ने कहा कि महंगी बिजली, उद्योग विरोधी नीति के कारण राज्य के उद्योग दम तोड़ रहे है। यहां पूर्व में संचालित स्पंज आयरन, रोलिंग मिलें, राइस मिल, सहकारी शक्कर कारखानें सरकार की उपेक्षा और उद्योग विरोधी नीतियों के चलते बंद हो गए हैं। मुख्यमंत्री बताये ऐसे में कैसे राज्य में बाहर से निवेश आयेगा? सरकार बताये कि इतनी बड़ी संख्यायें कंपनियां बंद कैसे हुई है?
बैज ने कहा कि 16000 से अधिक नेशनल रूरल हेल्थ मिशन के कर्मचारी हड़ताल पर है। भाजपा सरकार एनएचएम कर्मचारियों से किये गये वादे को पूरा करने के बजाये उन्हें नौकरी से बर्खास्त करने की धमकी दे रही है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान मोदी की गारंटी के नाम से एनएचएम कर्मचारियों को सरकार बनने तत्काल बाद नियमितीकरण करने का वादा किया था। 21 महीना सरकार बने हो गया है, लेकिन अभी तक उन्हें नियमित क्यों नहीं किया गया? अब सरकार एनएचएम कर्मचारियों की मांगों को केंद्र सरकार का मामला बताकर जिम्मेदारी से क्यों भाग रही है?
बैज ने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की रक्षा नहीं कर पा रही है। एक खबर आई है कि सूरजपुर के भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री विशंभर यादव ने मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु मांगी है। यादव दो साल पहले रायपुर में आयोजित प्रधानमंत्री मोदी की सभा में शामिल होने आ रहे यादव बस दुर्घटना में बुरी तरह से घायल हो गये। उनका इलाज में घर बार सब बिक गया। 35 लाख रू. से अधिक खर्च हो गया। वे स्थाई विकलांग हो बेड पर पड़े है, भाजपा की सरकार भी बन गयी लेकिन भाजपा अपने इस कार्यकर्ता को भूल गयी। अनेको नेताओं से उन्होनें मद्द मांगी लेकिन कोई भी सामने नहीं आया। आज बेबसी और आर्थिक तंगी का शिकार होकर वे मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु मांग रहे।
कार्यकर्ताओं को देवतुल्य बताने वाली भाजपा का यह असली चरित्र है।
बघेल ने इलाज के लिए रायपुर बुलाया
इधर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संज्ञान लिया है और सूरजपुर जिले के कांग्रेस नेता पंकज तिवारी के मोबाइल से विशंभर यादव और उनकी पत्नी से बात की है। उन्हें उचित इलाज कराने का आश्वासन दिया और इलाज के लिए रायपुर बुलाया है।


