रायपुर

स्वतंत्रता सेनानी उमाठे की जयंती मनी
10-Aug-2025 8:20 PM
स्वतंत्रता सेनानी उमाठे की जयंती मनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 अगस्त। छत्तीसगढ़ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन ने  स्वतंत्रता सेनानी स्व. पी.जी. उमाठे की 107 वीं जयंती पर उन्हें याद किया। स्व. उमाठे के पुत्र राजेन्द्र कुमार उमाठे के अवंति विहार स्थित निवास में सेनानी स्व. उमाठे को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उत्तराधिकारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर खंडेलवाल एवं महामंंत्री सुनील बजारी समेत अन्य सेनानी परिवार के सदस्यों ने स्व. उमाठे से जुड़ी यादों और संगठन हित से जुड़ी भावनाओं को सामने रखा। तय हुआ कि रजबंधा स्थित शहीद स्मारक भवन में सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के कार्यालय हेतु 2 कक्ष आबंटित किए जाने की मांग को लेकर संगठन का एक प्रतिनिधि मंडल महापौर श्रीमती मीनल चौबे से मिलेगा।

स्वतंत्रता सेनानी स्व. पी.जी. उमाठे की तस्वीर के सामने दीप प्रज्जवलन एवं पुष्पांजलि के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। संगठन के महामंत्री सुनील बाजारी ने स्व. उमाठे की जीवनी का वाचन किया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर खंडेलवाल ने भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि ज़ल्द सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन आयोजित करने के संबंध में भूमिका तैयार करने एक बैठक बुलाई जाएगी। संगठन के उपाध्यक्ष सुरेश  मिश्रा एवं अरुण दुबे समेत अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर समय-समय पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की तस्वीरों तथा उनसे जुड़े संस्मरणों की प्रदर्शनी लगाने वाले सेनानी परिवार के सदस्य पी. संतोष नायडू का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया। अनिरुद्ध दुबे को सेनानी उत्तराधिकारी संगठन की गतिविधियों के प्रचार प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. के.के. अग्रवाल, श्रीमती बबीता नत्थानी, चंद्रकांत पाण्डेय, राजेन्द्र कुमार चतुर्वेदी, प्रवीण कुमार दीक्षित, बसंत कश्यप, अजय सोनी,  मुकेश बाबरिया, शैलेन्द्र राठौर, मंगल सिंग, अजय कुमार जैन, परसराम अहीर उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट