रायपुर

कांग्रेस ने नशे का गढ़ बनाया-साव, अब तो पाक से आने लगे हैं ड्रग-बैज
08-Aug-2025 7:59 PM
 कांग्रेस ने नशे का गढ़ बनाया-साव, अब तो पाक से आने लगे हैं ड्रग-बैज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 अगस्त। ड्रग तस्करी को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव के कांग्रेस पर किए वार पर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने पलटवार किया। डिप्टी सीएम साव ने कहा कि  पिछली कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को नशे का गढ़ बना दिया था। और राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। नशे के अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ में किसी भी तरह के नशे के अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। इस पर दिल्ली से लौटकर दीपक बैज ने कहा देश प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। अब तो पाकिस्तान से ड्रग आने लगे हैं। यह इनकी सरकारों की विफलता है।

आज नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में कांग्रेस द्वारा गौ माता की सुरक्षा पर उठाए जा रहे सवाल पर उन्हें आइना दिखाया। श्री साव ने कहा कि, कांग्रेस के पांच साल में गौ माता की बेहिसाब तस्करी हुई। इनके राज में तस्करों को खुला सरंक्षण था। गौ माता को शेल्टर हाउस ले जाया गया। गौठानों में गौ माता की भूख प्यास में मौत हुई। इसका जवाब कांग्रेस को पहले देना चाहिए। राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद एसओपी जारी कर गौ तस्करी के खिलाफ सख्त निर्देश दिया है। और अलग अलग विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है, ताकि गौ माता सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस के पास आरोप लगाने के अलावा अब कुछ नहीं बचा है। पिछली सरकार में क्या हुआ और अब क्या हो रहा है, इसका अंतर साफ दिख रहा है।

डिप्टी सीएम श्री साव ने कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया में मर्यादा लांघने पर कहा कि, कांग्रेस के ऑफिशियल हैडल पर अपमानजनक शब्द और कार्टून पोस्ट हो रहे हैं। भाजपा मर्यादा लांघना नहीं चाहती है लेकिन जब अति हो जाती है तो उसका जवाब देना आवश्यक हो जाता है। पूर्व पीसीसी चीफ धनेन्द्र साहू ने कहा की आरोप-प्रत्यारोप के दौरान मर्यादा का ख्याल रखना चाहिए।


अन्य पोस्ट