रायपुर

छेरापहरा की रस्म अदा कर मांगा आशीर्वाद
27-Jun-2025 8:03 PM
छेरापहरा की रस्म अदा कर मांगा आशीर्वाद

रथयात्रा महोत्सव में शामिल हुए राज्यपाल -सीएम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 जून। राज्यपाल रामेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय  आज गायत्री नगर रायपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर में आयोजित महाप्रभु श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा महोत्सव में शामिल हुए। राज्यपाल श्री डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना कर ‘छेरा-पहरा’ की रस्म निभाई। राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी ने श्री जगन्नाथ जी की विधि-विधान से पूजा अर्चना की। रथ यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व भगवान की प्रतिमाओं को मंदिर से रथ तक लाया गया और मार्ग को सोने की झाड़ू से स्वच्छ किया गया। इस परंपरा को छेरापहरा कहा जाता है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बधाई देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ किसानों के रक्षक हैं। उन्हीं की कृपा से वर्षा होती है, धान की बालियों में दूध भरता है और किसानों के घरों में समृद्धि आती है। मैं भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करता हूं कि इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ में भरपूर फसल हो।

ओडिशा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में होती है रथ यात्रा

इस अवसर पर राजस्व मंत्री  टंकराम वर्मा, सांसद  बृजमोहन अग्रवाल, विधायक  पुरंदर मिश्रा, धर्मलाल कौशिक सहित अन्य गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

साय ने सोने की झाड़ू से छेरापहरा की रस्म निभाई

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने छेरापहरा की रस्म पूरी करते हुए सोने की झाड़ू से मार्ग बुहारकर रथ यात्रा का शुभारंभ किया। इसके उपरांत उन्होंने भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा को रथ तक ले जाकर विराजित किया।


अन्य पोस्ट