रायपुर

पर्यावरण एवं प्रकृति को सुरक्षित रखने का कार्य करें-डेका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 मई। राज्यपाल रामेन डेका के मुख्य आतिथ्य में आज राजभवन में स्काउट्स और गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की समस्या को देखते हुए प्रकृति और पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सबकी सबसे बड़ी जवाबदारी है। स्काउट्स एवं गाइड्स को इसमें अपना सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने सभी से एक पेड़ मां के नाम पर लगाने और दोस्तों एवं परिजनों को भी इसकेे लिए प्रेरित करने को कहा।
श्री डेका ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में रोवर्स, रेंजर्स दलों का पंजीयन और गठन होने पर प्रसन्नता जाहिर की।
समारोह में सर्वश्रेष्ठ स्काउट दीपक सिंह, नितिश कुमार यादव, लोमेश कुमार सर्वश्रेष्ठ गाइड कुु. दीक्षा पटेल, कुु. हंसनी, कु. झरना साहू सर्वश्रेष्ठ रोवर अनुज साहू, सर्वश्रेष्ठ रेंजर कु. नेहा सेन व कु. प्रियंका यादव को राज्यपाल ने पुरस्कृत किया। इसी तरह सर्वश्रेष्ठ स्काउटर गोपाल राम वर्मा व मिलन सिंह सिन्हा एवं सर्वश्रेष्ठ गाइडर श्रीमती पुष्पा शांडिल्य व सुश्री रजनीकला पाटकर सम्मानित हुई। दीर्घ सेवा अलंकरण स्काउटर रोमन लाल साहू व गाइडर श्रीमती बीना यादव को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण राज्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव एवं आभार प्रदर्शन राज्य सचिव कैलाश सोनी ने दिया। कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर प्रसन्ना, स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, छत्तीसगढ़ स्काउट गाइड के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।