रायपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 मई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रात लगभग 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे। राजधानी में वे आगामी दो दिनों तक केंद्र सरकार और पार्टी स्तर की महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लेंगे, जिनका सीधा संबंध देश और राज्यों के विकास से है। शनिवार सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में शामिल होंगे। इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी करेंगे, जिसमें देशभर के मुख्यमंत्री और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल भाग लेंगे। इसमें राज्यों को दी जाने वाली सहायता, बुनियादी ढांचे का विकास, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दे, और समावेशी विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
बैठक में श्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ की प्राथमिक आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से रखेंगे। वे राज्य में निवेश बढ़ाने, औद्योगिक विकास, कृषि सुधार, और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाएंगे। रविवार को मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे होटल अशोका में आयोजित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में भी भाग लेंगे। इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती, सुशासन के सफल मॉडल, और लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय का यह दिल्ली दौरा छत्तीसगढ़ की विकास योजनाओं को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से प्रस्तुत करने का अवसर माना जा रहा है। इससे राज्य को केंद्र सरकार की योजनाओं और सहयोग में और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।