रायपुर

शिवाजी की तुलना औरंगजेब से नहीं हो सकती- रमन
11-May-2025 7:24 PM
शिवाजी की तुलना औरंगजेब से नहीं हो सकती- रमन

स्पीकर ने किया कोसल के क्रांतिवीर का विमोचन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 मई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शनिवार  को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ और पश्चिम ओडि़शा के क्रांतिकारियों के योगदान पर केंद्रित पुस्तक 'कोसल के क्रांतिवीर का विमोचन किया। समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ इतिहासकार, रविशंकर  विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. लक्ष्मीशंकर निगम ने की। महासमुंद की लोकसभा सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी और विधायक  योगेश्वर राजू सिन्हा विशेष अतिथि रहे।।

 मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह ने अपने सम्बोधन में पुस्तक प्रकाशन के लिए इसके लेखक महासमुन्द क्षेत्र के पूर्व लोकसभा सांसद श्री चुन्नीलाल साहू को बधाई दी।  डॉ. सिंह ने पुस्तक कोसल के क्रांतिवीर को इतिहास की दृष्टि से बहुत तथ्यात्मक और महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ और पश्चिम ओडि़शा के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी।  उन्होंने कहा कि इतिहास की किताबों में अनेक ऐतिहासिक तथ्यों को या तो छोड़ दिया गया है या इतिहास को तोड़ मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया है। यही कारण है कि इतिहास की पुस्तकों में आज भी अकबर महान है। वास्तविकता तो यह है कि महाराणा प्रताप की तुलना न अकबर से हो सकती है और न ही छत्रपति शिवाजी की तुलना औरंगजेब से हो सकती है।

डॉ. सिंह ने कहा कि एक  सांसद और विधायक रहे श्री साहू अब एक अच्छे लेखक भी साबित हुए हैं।  इतिहासकार डॉ.  निगम ने इस पुस्तक के संदर्भ में अनेक ऐतिहासिक घटनाओं की जानकारी दी।

लेखक चुन्नीलाल साहू ने स्वागत भाषण में  स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ और पश्चिम ओडि़शा से संबंधित अनेक भूले-बिसरे प्रसंगों को याद किया।  श्रीमती चौधरी ने कहा कि यह पुस्तक एक महत्वपूर्ण धरोहर है। इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने घेस (ओडि़शा) के शहीद माधो सिंह की छठवीं पीढ़ी के  लोकेश्वर सिंह का स्वागत किया। घेस से आए श्री अशोक पुजाहारी ने भी समारोह को सम्बोधित किया।

आयोजन में पूर्व मंत्री  चन्द्र शेखर साहू, इतिहासकार डॉ. रमेन्द्र नाथ मिश्र, पुरातत्व विद राहुल कुमार सिंह, छत्तीसगढ़ साहित्य परिषद के अध्यक्ष शशांक शर्मा और वरिष्ठ लेखक आशीष सिंह सहित अशोक तिवारी, घनाराम साहू, नारायण प्रसाद नैरोजी, सेनि आईएएस शिशुपाल सोरी, पूर्व आईपीएस भारत सिंह, यसवेंद्र सिंह राजमहल छुरा, रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रफ्फुल ठाकुर,  शिव नेताम धमतरी जिला कोषाध्यक्ष आदिवासी समाज, बेदराम बरिहा प्रांताध्यक्ष बिंझवार समाज, कल्याण सिंह बरीहा रिटायर सेल्टेक्स कमिश्नर, एनपी नैरोजी, प्रांताध्यक्ष सांवरा समाज, इतिहासकार डॉ. शंपा चौबे, डॉ. शकुंतला तरार, श्रीमती लालिमा ठाकुर जिला पंचायत उपाध्यक्ष गरियाबंद और अन्य अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट