रायपुर

डॉ. अनुसुइया को मिला कोसलपुत्री सम्मान
17-Apr-2025 6:14 PM
डॉ. अनुसुइया को मिला कोसलपुत्री सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 अप्रैल। छत्तीसगढ़ की नारी शक्ति पर केंद्रित पुस्तक कोसल पुत्री के दो भाग सहित चार अन्य पुस्तकों का विमोचन हुआ। इस बहुआयामी आयोजन में छतीसगढ़ की 108 यशस्विनी धरापुत्रियों का सम्मान हुआ। जिनके बारे में कोसलपुत्री प्रथम एवं द्वितीय भाग में संकलित 36- 36 परिचयात्मक लेखों की लेखिकाओं ने गवेषणात्मक श्रम से लेखन किया है । इन महिला नेत्रियों ने शिक्षा, साहित्य, संगीत, लोक साहित्य, लोककला आदि के क्षेत्र में अपना अभूतपूर्व योगदान दिया है। जिसमें मुख्य अतिथि समाजसेवी कौशल्या साय ने प्रो (डॉ) अनुसुइया अग्रवाल डी लिट् प्राचार्य स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय महासमुंद को  कोसलपुत्री सम्मान से सम्मानित किया । डॉ. सीमा निगम और डॉ . तृषा शर्मा ने इस पुस्तक का संपादन किया। कौशिल्या साय ने कहा कि महिलाओं को अपनी रक्षा के लिए स्वयं सजग होना होगा। साय ने अपने अनेक रोचक संस्मरण सुनाए। समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा ने की।  विशेष अतिथि छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव अभिलाषा बेहार ने लेखिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए बधाई दी। प्रारंभ में संयोजक डॉ. सीमा निगम और डॉ. सुधीर शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। विशिष्ट अतिथि डॉ. रश्मि लता मिश्रा ने साहित्य और संगीत के समन्वय पर बल दिया। मुख्य अतिथि ने कोसल पुत्री, छत्तीसगढ़ कहानी गढ़, गोपा शर्मा की दो पुस्तकों और प्रीति सुरेश मिश्रा के लघुकथा संग्रह का विमोचन किया।

द्वितीय सत्र डॉ. रमेंद्र नाथ मिश्र और डॉ. महेंद्र ठाकुर की उपस्थिति रही। समारोह का संचालन शुभ्रा ठाकुर, डॉ. सीमा अवस्थी, सुमन बाजपेयी ने संयुक्त रूप से किया।जय जोहार साहित्य एवं संस्कृति संस्थान एवं वैभव प्रकाशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम के अंत मेंसंस्था की अध्यक्ष डॉ. सीमा निगम ने आभार प्रदर्शन किया।


अन्य पोस्ट