रायपुर
ये राजभवन,राष्ट्रपति भवन में वर्षों से अटके हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अप्रैल। विधानसभा से पारित विधेयकों को राजभवन में रोके रखने को लेकर सुप्रीम कोर्ट के मंगलवार को दिए गए फैसले का छत्तीसगढ़ में भी बड़ा असर हो सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के राज्यपाल श्री रवि को आज राजनीतिक कारणों से रोके गए विधेयकों पर सख्त निर्देश दिया है । और ऐसे रोके गए विधेयकों को राज्यपाल की स्वीकृति माना जाए। श्री रवि ने स्टालिन सरकार के पारित 10 विधेयकों को रोका है।
देश के सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के प्रकाश में अब छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों के राजभवनों में भी लंबित और रोक कर रखे गए विधेयकों पर भी असर पड़ेगा। इन्हे राज्यपाल इन्हें मंजूर करें या विधानसभा को वापस लौटाना होगा।
छत्तीसगढ़ में पिछली पांच विधानसभाओं द्वारा पारित कुल 9 विधेयक राजभवन और राष्ट्रपति भवन में लंबित हैं। इनमें रमन सिंह सरकार में गृह मंत्री रहे रामविचार नेताम के द्वारा प्रस्तुत धर्म स्वातंत्र्य विधेयक राष्ट्रपति भवन में लंबित हैं। इसके बाद बघेल सरकार द्वारा पारित शैक्षणिक संस्थाओं और नौकरियों में ओबीसी,अजा आरक्षण विधेयक, केंद्रीय कृषि कानून से संबंधित राज्य के अनुरूप पारित तीन संशोधन विधेयक, कुलपति नियुक्ति में राज्यपाल के अधिकारों में कटौती से संबंधित संशोधन विधेयक और निक्षेपों ये हितों ये संरक्षण संशोधन (चिटफंड कंपनी) विधेयक शामिल हैं। इनमें सबसे चर्चित और कांग्रेस भाजपा, राजभवन के बीच तनातनी खड़े करने वाले विधेयकों में आरक्षण और कुलाधिपति के अधिकार कटौती के विधेयक रहे। आरक्षण विधेयक को अनुसुइया उइके के बाद से अब तक रूका है।
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद राज्यपाल इन विधेयकों को विधानसभा को लौटा सकते हैं । और उसके बाद सरकार विधानसभा संशोधित स्वरूप में पुन पारित कर भेजेगी। आरक्षण विधेयक को साय सरकार के द्वारा पुन पेश करने को लेकर संशय रहेगा।
ऐसा हो सकता है
अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश को सीधा मानते हुए राज्यपाल इन विधेयकों को सीधे वापस कर सकते हैं। इसके लिए उन्हे कुछ प्रावधानों पर कुछेक आपत्ति लगाकर वापस करना होगा। उसके बाद विधानसभा सचिव उसे मानसून सत्र में वापसी की सूचना देते हुए विधेयकों को पटल पर रखेंगे। और सरकार को उन पर निर्णय लेने वापस भेजेंगे। उन पर सरकार निर्णय लेकर सदन को सूचित करेगी।
कोर्ट के फैसले पर राष्ट्रपति और राज्यपाल सुमोटो निर्णय लेकर लंबित विधेयक सरकार को वापस भेज सकते हैं । अन्यथा की स्थिति में पक्ष विपक्ष का कोई विधायक सरकार से वापस किए गए विधेयकों की जानकारी मांग सकता है। या फिर याचिका भी लगा सकता है।
दो विधेयक वापस हो चुके हैं
विधेयकों की वापसी यह कोई पहली बार नहीं होगा। इससे पहले मप्र और छत्तीसगढ़ में भी राज्यपाल, राष्ट्रपति विधेयक लौटा चा चुके हैं। रमन सिंह सरकार के समय पशु परीक्षण विधेयक को पूर्व राज्यपाल ने वापस किया था जिसे निरसित कर नया संशोधन विधेयक पारित किया जा चुका है। इसी तरह से उसी कार्यकाल में सहकारिता संशोधन संबंधित एक विधेयक को राष्ट्रपति वापस भेज चुके हैं।