रायपुर

राज्यपाल द्वार से सदन में प्रवेश करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू
23-Mar-2025 4:16 PM
राज्यपाल द्वार से सदन में प्रवेश करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू

यह द्वार विशेष अवसर पर ही खुलता है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 मार्च।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कल सोमवार को रायपुर आगमन हो रहा है। मुर्मु कल पूर्वान्ह छत्तीसगढ़ विधानसभा के विधायकों को  संबोधित करेंगी ।यह आयोजन, विधानसभा के रजत जयंती वर्ष समारोहों के  सिलसिले में किया गया है । श्रीमती मुर्मु विधानसभा के संयुक्त विधायक दल को संबोधित करने वाली तीसरी राष्ट्रपति होंगी। उनसे पहले डॉ अब्दुल कलाम,श्रीमती प्रतिभा पाटिल संबोधित कर चुकीं हैं।

 कल के तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीमती मुर्मू कल सुबह 10.30 बजे विशेष विमान से माना एयरपोर्ट आने के बाद सीधे विधानसभा पहुंचेगी। जहां पहले सेंट्रल हाल में संयुक्त विधायक दल के साथ ग्रुप फोटो होगा । फिरहाल के समीप ही पौधरोपण करेंगी। इसके बाद सभी विधायकों के सदन में प्रवेश करते तक  श्रीमती मुर्मू अपने लिए बनाए विशेष कक्ष (ग्रीन रूम) में चंद मिनटों के लिए रेस्ट करेंगी।  इसके बाद श्रीमती मुर्मू, एक शोभा यात्रा (प्रोसेशन)के साथ राज्यपाल द्वार से सदन में प्रवेश करेंगी।  उनके साथ राज्यपाल, स्पीकर, सीएम ,नेता प्रतिपक्ष और संसदीय कार्य मंत्री हमकदम होंगे। विधानसभा भवन के दाहिने ओर स्थित यह राज्यपाल द्वार ऐसे विशेष अवसर के साथ वर्ष में एक बार ही खुलता है जब बजट सत्र के दौरान अभिभाषण के लिए राज्यपाल का आगमन होता है। 

 

बहरहाल सदन के भीतर करीब 45 मिनट का कार्यक्रम होगा। आसंदी स्थल पर मध्य में राष्ट्रपति मुर्मू और उनके दाएं बाएं स्पीकर डॉ रमन सिंह, राज्यपाल रमेन डेका बैठेंगे। सीएम विष्णु देव साय और नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत अपनी अपनी नियमित आसंदी पर। संबोधन के क्रमानुसार स्पीकर स्वागत संबोधन, के बाद राज्यपाल, सीएम साय के बाद राष्ट्रपति का मुख्य संबोधन होगा । नेता प्रतिपक्ष अंत में आभार जताएंगे। इस मौके पर विधानसभा सचिवालय द्वारा प्रकाशित सदस्य संदर्भ ग्रंथ का विमोचन और राष्ट्रपति का समूचे सदन के द्वारा सम्मान भी किया जाएगा ।इसके बाद श्रीमती मुर्मू एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगी। राष्ट्रपति सुरक्षा के लिए 7 सौ से अधिक पुलिस अधिकारी जवान तैनात किए गए हैं। उनकी आवाजाही के पूरे रास्ते को चार सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस ने रविवार को इसका रिहर्सल भी किया। 


अन्य पोस्ट