रायपुर

धान खरीदी में घोटाले पर स्थगन प्रस्ताव नामंजूर, वाक आउट
21-Mar-2025 4:12 PM
धान खरीदी में घोटाले पर स्थगन प्रस्ताव नामंजूर, वाक आउट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 मार्च। बजट सत्र के आज अंतिम दिन कांग्रेस के विधायकों ने धान खरीदी में  घोटाले को लेकर स्थगन प्रस्ताव पेश किया। विपक्ष ने सरकार पर लगभग 13 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया और सदन की कार्यवाही रोककर इस पर चर्चा की मांग की। हालांकि, स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने स्थगन प्रस्ताव नामंजूर कर दिया, जिसके बाद विपक्ष ने विरोध स्वरूप सदन से वॉकआउट कर दिया।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत से किसानों की मेहनत पर पानी फेरा जा रहा है। उन्होंने कहा कि धान उत्पादन से 36 फीसदी अधिक खरीदी हो रही है, जिससे बड़े घोटाले की आशंका है। उन्होंने कहा कि धान खरीद में राज्य को करीब 8 हजार करोड़ का नुकसान हुआ है। उमेश पटेल ने भी समर्थन करते हुए कहा कि धान खरीदी कोई छोटा मामला नहीं है और इस पर सदन में विस्तृत चर्चा होनी चाहिए।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार के बावजूद सत्तापक्ष जवाब देने से बच रहा है। कांग्रेस के अन्य विधायकों ने भी अपने-अपने क्षेत्र में हुई खरीदी की पोल खोलते हुए बातें रखी। और चर्चा की मांग की। इस पर सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी विरोध करते हुए कांग्रेस काल में हुई गड़बड़ी को उजागर किया। इसके बाद स्पीकर ने स्थगन पर चर्चा की अनुमति नहीं दी।


अन्य पोस्ट