रायपुर

वर्क फ्राम होम कर एक वर्ष में 18 लाख गबन,बाबू पर एफआईआर, निलंबित भी
19-Mar-2025 2:36 PM
वर्क फ्राम होम कर एक वर्ष में 18 लाख  गबन,बाबू पर एफआईआर, निलंबित भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 मार्च।
लाखों का सरकारी कोष गबन करने वाले लिपिक के विरूद्ध गबन का मामला दर्ज कराते हुए उसे निलंबित भी कर दिया गया है।
अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ. किरण गजपाल की रिपोर्ट पर सरस्वती नगर पुलिस ने एक लिपिक के विरूद्ध 18 लाख गबन का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक क्षेत्रीय कार्यालय उच्च शिक्षा साइंस कॉलेज परिसर में कार्यरत सहायक ग्रेड-2 लिपिक आकाश श्रीवास्तव ने नवंबर 23 से 3 मार्च 25 के दौरान विभागीय कोष से 18,55,289 रूपए आहरण किया। पुलिस ने धारा 316-5 के तहत दर्ज कर लिया है। इधर आयुक्त उच्च शिक्षा विभाग जनक पाठक ने आकाश श्रीवास्तव को निलंबित भी कर दिया है। आदेश अनुसार सरकारी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के नाम पर लाखों रुपए का गबन करता रहा । निलंबन काल में आकाश का मुख्यालय उच्च शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर होगा।  संचालनालय से जारी आदेश में कहा गया है कि एक वर्ष से वर्क फार्म होम कार्य करने एवं वित्तीय अनियमितता संबंधी शिकायत मिली थी। जांच समिति की रिपोर्ट अनुसार बाबू आकाश श्रीवास्तव ने अनाधिकृत रूप से कर्तव्य पर अनुपस्थित रहा और उच्च शिक्षा, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में लेखा संबंधी कार्यों में सुनियोजित तरीके से कुटरचना कर लगभग 18,55,289 रुपए का गबन किया जाना पाया गया है।

विभागीय जांच रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में अपर संचालक की गाड़ी बिना चले ही 6 महीने में 6 लाख रुपए का पेट्रोल खपत कर गई। इस गड़बड़ी का मास्टरमाइंड बाबू आकाश श्रीवास्तव था। जिसने सुनियोजित तरीके से कूटरचना कर करीब 18.55 लाख रुपए का गबन किया। इसके अलावा, इसी कार्यालय में चार ऐसे कर्मचारियों को हर महीने वेतन देने के नाम पर 10 महीने तक 10-10 हजार रुपए निकाले गए, जो वास्तव में पदस्थ ही नहीं थे। देवकुमार वर्मा, अजय टंडन, भूपेंद्र वर्मा और खिलावन जोशी के नाम पर यह फर्जीवाड़ा किया गया। आकाश की गिरफ्तारी के बाद   पुलिस जांच के दौरान और भी कर्मचारियों के नाम सामने आ सकते है। 


अन्य पोस्ट