रायपुर

मूल प्रश्न बदलने का मुद्दा उठा,सभापति ने कहा- नियमों के तहत संशोधन हुआ
19-Mar-2025 2:30 PM
मूल प्रश्न बदलने का मुद्दा उठा,सभापति ने कहा- नियमों  के तहत संशोधन हुआ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 मार्च।
भाजपा विधायक भावना बोहरा ने आज फिर अपना मूल प्रश्न परिवर्तित करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कल भी ऐसी स्थिति देखने में आई थी। मैंने जो मूल प्रश्न लगाया था उसे क्यों बदला जाता है। मैंने बैगा आदिवासियों के लिए बनी योजनाओं के लिए बोरवेल खनन के संबंध में 2019-24 तक जानकारी मांगी थी। और प्रश्न बदलकर 21-24 की जानकारी दी गई । देखकर लगता है कि हम गलत प्रश्न कर रहे हैं या विभाग अपनी सुविधा के लिए प्रश्न बदल रहा है या विभाग पिछली सरकार के कार्यों की जानकारी नहीं देना चाहता। पहले तो यही बता दें कि क्या कारण है प्रश्न बदल दिया जाता है। 

संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि हमें प्रश्न ही 21-24 के बीच की जानकारी देने का मिला ही और उसकी पूरी जानकारी दी गई है। इस पर सभापति धर्म जीत सिंह ने कहा कि मूल प्रश्न में 6 वर्ष की जानकारी मांगी गई थी। नियमों को परिप्रेक्ष्य में पूरे प्रश्न का जवाब आ जाए। इसलिए सचिवालय द्वारा संशोधित किया गया। इस पर पूरक प्रश्न में बोहरा ने कहा कि 2019 के बाद बैगा बहुल क्षेत्रों में एक भी ट्यूब वेल खनन नहीं हुआ है। जबकि 93 स्वीकृत हुए थे। खनन में बहुत धांधली हुई है। खनन का टेंडर जिस फर्म को  मिला था, अधिकारियों के साथ मिलीभगत की। क्या कार्रवाई करेंगे। मंत्री कश्यप ने कहा कि पूरी  जानकारी दे दें जांच करवा लेंगे।


अन्य पोस्ट