रायपुर
रायपुर, 18 मार्च। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने विद्युत मंडल पर आरोप लगाया है कि राजधानी के लगभग 11 लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी जनता को दुधारू गाय समझ रही है। हमेशा किसी न किसी रूप में पैसा लेने का उद्देश्य बनाया गया है। अब 11 लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगाकर मोबाइल जैसे बिजली बिल का रिचार्ज होगा। झा ने कहा कि आदिवासी मुख्यमंत्री के सुशासन को कुशासन में बदलने का संकल्प विद्युत मंडल ने ले लिया है। एक साथ दोहरी मार की तैयारी है। एक तरफ जनता को स्मार्ट मीटर में मोबाइल जैसे रिचार्ज कर विद्युत का उपयोग करना होगा, यदि कोई रिचार्ज नहीं कर पाया या बैलेंस नहीं है तो बिजली बंद होने का खतरा रहेगा। तो दूसरी ओर विद्युत मंडल में कार्यरत लगभग 25000 दैवेभो मीटर रीडरों की सेवाएं समाप्त होकर रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न होगा। श्री झा ने कहा है कि चुनाव तक आकर्षक प्रलोभन देने के बाद सरकार बनने पर हमेशा जनता को दुधारू गाय समझा जाता है। विद्युत मंडल सुरक्षा निधि के नाम पर, स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर, कभी रिचार्ज कर विद्युत प्रयोग करने के नाम पर वसूली, कभी सुरक्षा निधि के नाम पर वसूली कर रही है।