रायपुर
डीएमएफ और सीएसआर फंड को लेकर उद्योग मंत्री घिरे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 मार्च। विधानसभा में सोमवार को डीएमएफ (जिला खनिज संस्थान न्यास) और सीएसआर (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) फंड के उपयोग को लेकर जमकर वाद विवाद हुआ।
प्रश्रकाल में कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल ने उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन से सवाल किया कि इन फंडों से विकास कार्यों के लिए कोई स्पष्ट मापदंड हैं या नहीं, या फिर यह सिर्फ राजनीतिक आधार पर खर्च किए जा रहे हैं।
बघेल ने कहा कि, डीएमएफ और सीएसआर फंड का लाभ केवल जगदलपुर और चित्रकूट विधानसभा क्षेत्रों को मिल रहा है, जबकि उनके विधानसभा क्षेत्र के प्रभावित गांवों की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने पूछा कि आखिर इन दो विधानसभा क्षेत्रों को ही प्राथमिकता क्यों दी जा रही है।
इस पर देवांगन ने जवाब देते हुए कहा कि, जिन ग्रामों पर एनएमडीसी (राष्ट्रीय खनिज विकास निगम) का सीधा प्रभाव पड़ता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर फंड खर्च किया जाता है।
इस चर्चा के दौरान विधायक अजय चंद्राकर ने टिप्पणी करते हुए कहा कि, यह सब कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की देन है। इस पर विधायक लखेश्वर बघेल भडक़ गए और तल्खी दिखाते हुए बोले, कोई नया काम मत करिए, कोई नया खर्चा मत करिए, बस पिछली सरकार की ही जांच कराते रहिए। यही करिए, यही तो कर रहे हैं।
विधायक बघेल के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने पहले कहा कि मामला केंद्र सरकार से जुड़ा है, लेकिन फिर भी वे जवाब देंगे। इस पर अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने टोका और कहा, सदन के भीतर जवाब देना ही होगा। आप विभाग के जिम्मेदार मंत्री हैं।
ईओडब्लू जांच पर मंत्री को सदन में वक्तव्य देने स्पीकर के निर्देश
विधानसभा में सोमवार को शून्यकाल के दौरान भारतमाला परियोजना में गड़बड़ी की जांच का मामला गरमाया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि ईओडब्लू से जांच कराने की बात सदन में ही कि जाती तो ज्यादा अच्छा रहता। इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजस्व मंत्री को सदन में वक्तव्य देने के निर्देश दिए।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि जब उन्होंने इस परियोजना को लेकर पहले भी सवाल उठाया था, तब सरकार ने संभागीय आयुक्त से जांच कराने की बात कही थी, लेकिन बाद में कैबिनेट ने सीधे ईओडब्लू जांच का निर्णय ले लिया।
इस पर अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि अगर सदन में कोई मामला चल रहा था तो कोई निर्णय लेने से पहले सदन को सूचना देनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को इस मामले में सदन में वक्तव्य देने के निर्देश दिए।