रायपुर

छत्तीसगढ़ में 12 नए अग्निशमन केंद्रों की होगी स्थापना
12-Mar-2025 8:24 PM
छत्तीसगढ़ में 12 नए अग्निशमन केंद्रों की होगी स्थापना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 मार्च। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा में छत्तीसगढ़ में अग्निशमन सेवाओं के विस्तार, आधुनिकीकरण को लेकर गृह मंत्रालय से सवाल किया। उन्होंने जानना चाहा कि पिछले तीन वर्षों में इस योजना के तहत राज्य में क्या पहल की गई, कितनी राशि आवंटित और उपयोग की गई, तथा अग्निशमन अवसंरचना की कमियों और उनके समाधान के लिए सरकार की क्या योजना है। 

गृह राज्य मंत्री  नित्यानंद राय ने  बताया कि  इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ राज्य को 147.745 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिसमें से 33.24 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की जा चुकी है। 

गृह मंत्री के अनुसार, अग्निशमन सेवाएं राज्यों के अधिकार क्षेत्र में आती हैं, लेकिन केंद्र सरकार सलाहकार भूमिका निभा रही है। राज्यों को अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए 2026 तक लक्ष्य पूरे करने होंगे। इसके लिए महानिदेशक (एफएस, सीडी और एचजी) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करना आवश्यक होगा।

छत्तीसगढ़ में निर्धारित लक्ष्य 

इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ में12 नए अग्निशमन केंद्रों की स्थापना की जाएगी।

 आधुनिक अग्निशमन उपकरणों जैसे फायर टेंडर, हाई एक्सपेंशन फोम जनरेटर, सेमी-ऑटोमेटिक डिफाइब्रिलेटर, स्मोक एक्सट्रैक्टर आदि की खरीद।

अग्निशमन कर्मियों का क्षमता निर्माण प्रशिक्षण।

 राज्य के अग्निशमन सेवा मुख्यालय को मजबूत करने का कार्य किया जाएगा। 


अन्य पोस्ट