रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 मार्च। राजधानी के ग्रामीण क्षेत्र में जल संकट को लेकर भाजपा विधायक मोतीलाल साहू ने नगरीय प्रशासन और पीएचई मंत्री अरूण साव से कई प्रश्न किए। अपनी ध्यानाकर्षण सूचना में साहू ने कहा कि रायपुर ग्रामीण अंतर्गत नगर निगम रायपुर, बीरगांव नगर पंचायत माना कैम्प में जल आपूर्ति की समस्या बन आई है। नल कनेक्शन पूर्ण न होने के कारण आवासीय बस्तियों, निजी कॉलोनियों, बी0एस0यू0पी0 कॉलोनियों सहित पूरे क्षेत्र में जल आपूर्ति की समस्या है। अनेक वार्डों में कनेक्शन न होने के कारण पेय जल नहीं पहुंच पा रहा है। इससे क्षेत्रवासियों में रोष एवं आक्रोश व्याप्त है। डिप्टी सीएम साव ने कहा ऐसे वार्डो में टेंकर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जाती है। रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिक निगम रायपुर के 16 वार्ड सम्मिलित है। जहां परिवारों की कुल संख्या 68767 और कुल नल कनेक्शन की संख्या 42618, हैण्डपंप 280 एवं पावरपंप 460 तथा ओव्हर हेड टैंक 12 है, जिसके माध्यम से उक्त वार्डों में पेयजल आपूर्ति की जा रही है। रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के आवासीय बस्तियों एवं 13 बी.एस.यू.पी. कालोनियों में अमृत मिशन योजना अतंर्गत निर्मित निकटतम जलागार से तथा आवश्यकतानुसार 14 टैंकरों के माध्यम से जल आपूर्ति की व्यवस्था की जाती है।क्षेत्र में स्थित 40 निजी कालोनियों में नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा बल्क कनेक्शन के माध्यम से पेयजल प्रदाय किया जाता है। निजी कालोनियों में कालोनाईजरों द्वारा आंतरिक जलप्रदाय व्यवस्था स्वयं के बोरवेल के माध्यम किया जाता है। किन्तु ग्रीष्म काल में भू-जल स्तर नीचे चले जाने या आपात स्थिति में निगम द्वारा आवश्यकतानुसार 14 टैंकरों के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जाती है।
बीरगांव के 40 वार्ड में कुल परिवार 28158, नल कनेक्शनों की संख्या 26529 है।इनके लिए पेयजल आपूर्ति हेतु वर्तमान में 31 एमएलडी क्षमता के जल शोधन संयत्र, 16 उच्चस्तरीय जलागार तथा 192 हैण्डपंपों एवं 623 पावरपंपों के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जाती है।बीरगांव में वर्ष 2024 के पूर्व 48 टेंकरों के माध्यम से ग्रीष्म ऋतु में जल आपूर्ति की जाती थी। बीरगांव आवर्धन जल प्रदाय योजना के क्रियान्वयन उपरांत वर्ष 2024 में निकाय क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति हेतु मात्र 03 किराये के टेंकर लगाये गये थे।
नगर पंचायत, माना के समस्त 15 वार्ड में परिवारों की संख्या 3317 , नल कनेक्शनों की संख्या 596 है। वर्तमान में जल आपूर्ति मुख्य रूप से 72 हैण्डपंप एवं 139 पावरपंप एवं 01 ओव्हरहेड टैक (क्षमता 300 केएल) के माध्यम से की जाती है। निकाय में 02 टैंकरों के माध्यम से ग्रीष्म काल में जल आपूर्ति की जाती है। राज्य शासन द्वारा माना कैम्प में शत् प्रतिशत जल आपूर्ति हेतु मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत लागत राशि रू. 4393.86 लाख से 02 नग उच्चस्तरीय जलागार क्षमता कमश: 840 किलोलीटर तथा 650 किलोलीटर एवं 450 किलोलीटर का संपवेल निर्माण तथा 73 किलोमीटर के पाईप लाईन विस्तारीकरण एवं 3254 नल कनेक्शन देने का कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। उसके उपरांत नगर पंचायत माना कैम्प के समस्त आवासों में जल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
चौधरी ने मूणत को बताया त्रूटिपूर्ण मास्टर प्लान बनाने वालों के नाम
रायपुर शहर के मास्टर प्लान को लेकर राजेश मूणत ने मास्टर प्लान से जुड़ी एक गंभीर खामी उठाते हुए कहा कि रायपुर शहर के कई आवासीय इलाकों को बिना किसी उचित प्रक्रिया के व्यावसायिक और शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए बदल दिया गया है। उन्होने प्लान बनाने वाले अफसरों के नामनपूछे और कहा कि भू माफिया को मदद पहुंचाने यह प्लान बनाया गया । इस पर ओपी चौधरी ने लिखित में बताया कि रायपुर मास्टर प्लान के निर्माण में आईएएस जयप्रकाश मौर्य, संदीप बागडे, भानु प्रताप सिंह पटेल, कमल सिंह, रोजी सिन्हा, मेघा चावड़ा समेत 15 अधिकारी शामिल थे।