रायपुर

बीएड सहायक शिक्षक फिर धरने पर, होली यहीं मनाएंगे, सीएम ने कहा-पुनर्विचार याचिका दायर
09-Mar-2025 8:29 PM
बीएड सहायक शिक्षक फिर धरने पर, होली यहीं मनाएंगे, सीएम ने कहा-पुनर्विचार याचिका दायर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 मार्च। बर्खास्त बीएड सहायक शिक्षकों ने एक बाद फिर से माना के तूता  में धरना शुरू कर दिया है। इस धरने में

महिला सहायक शिक्षकों के साथ उनके बच्चे और परिवार के सदस्य भी है। शिक्षकों ने समायोजन की मांग करते हुये सरकार को चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो उनका प्रदर्शन अनिश्चितकालीन तक जारी रहेगा। साथ ही कहा है कि  होली पर भी वो यहीं पर रहेंगे। इससे पहले शनिवार  को भिलाई में महिला दिवस के दिन महिला सहायक शिक्षकों ने रैली निकालकर अपनी मांगो को सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की थी।

मालूम हो कि बिलासपुर हाईकोर्ट ने 10 दिसंबर को फैसला सुनाते हुये कहा था कि सहायक शिक्षकों के पद पर केवल डीएड डिग्रीधारी ही पात्र होगें। बीएड डिग्रीधारी सहायक शिक्षकों की नियुक्ति रद्द कर दी गई थी। हाईकोर्ट के फैसले से कुल 2,897 शिक्षकों को नौकरी से निकाल दिया गया था। नौकरी जाने के विरोध में सहायक शिक्षकों ने प्रदर्शन शुरू किया और सरकार से समायोज की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन को देखते हुए पूर्व में सरकार ने एक कमेटी का गठन किया है। हालांकि अभी तक के कमेटी का कोई फैसला इस विषय में नहीं आया है।

शुक्रवार को शिक्षकों ने विधानसभा रोड पर वीआईपी मूवमेंट और मंत्रियों के काफिले के सामने पोस्टर और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया था।

पुनर्विचार याचिका दायर की है

विधानसभा में एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री साय ने जो जवाब दिया है, वो बीएड अभ्यर्थियों की थोड़ा सुकून देने वाला हो सकता है। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय  के आदेश के कारण सरकार को फैसला लेना पड़ा। सरकार इस पर संवेदनशील है और सर्वोच्च न्यायालय  में पुनर्विचार याचिका दायर की गई है।

ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह और कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप ने इस  मुद्दे को उठाया था । विधायकों ने कहा कि बर्खास्त सहायक शिक्षक लंबे समय से न्याय की उम्मीद में संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।


अन्य पोस्ट