रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 मार्च। टाटीबंध के चर्च आफ गॉड में रविवार पूर्वान्ह कथित रूप से बजरंग दल और कुछ हिंदु वादी संगठनों के युवकों ने तोडफ़ोड़ की। यह चर्च एक घर में संचालित है। इससे दहशत में आए मसीही समाज के लोगों ने अपने आप को हिंसा से बचाने चर्च में बंद कर लिया है। यह चर्च एम्स के बाजू अनुकंपा विहार कॉलोनी के पास है। इनका आरोप है कि चर्च में रविवार की प्रार्थना के समय धर्मांतरण का भी कार्यक्रम था । इसकी सूचना पर ही बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और विरोध के साथ हंगामा बरपा। इन लोगों ने वहां रखी प्लास्टिक की कुर्सियां, गमले और अन्य सामानों और घर के बाहर खड़ी आधा दर्जन कार, बाइक और वाटर मशीन में भी तोडफ़ोड़ की। बताया जा रहा है कि जिस समय हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उस चर्चनुमा घर को घेरा, तो दो कमरों में 200 से अधिक लोग बैठे थे। इनमें अधिकांश महिलाएं थी। जो एम्स से लगी झुग्गी बस्तियों की बताई गई है। हिन्दू कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह सिलसिला बीते 6 वर्षों से चल रहा है। इनके टारगेट में महिलाएं ही रहती हैं। जिन्हें इलाज, शिक्षा के नाम पर धर्मांतरण का लालच दिया जा रहा था। वहीं कॉलोनीवासियों कहना है कि ऐसी भीड़ हर रविवार को को रहती है। इससे कॉलोनी की दिनचर्या पर बड़ा असर पड़ रहा है। एक महिला ने बताया कि इस चर्च के लोग कॉलोनी में बन रहे एक मंदिर का विरोध कर रहे हैं। यह मंदिर चर्च के सामने 20-30 मीटर दूर पर ही बनाया जाना है। इसके लिए पूर्व में भूमिपूजन जैसा पूजा-पाठ कर लिया गया था। लेकिन चर्च के पादरी इसका विरोध कर रहे हैं। इस हिंसा की खबर मिलते ही आमानाका पुलिस का बड़ा बल मौके पर पहुंच सुरक्षा व्यवस्था सम्हाल ली है। फिलहाल किसी की भी गिरफ्तारी की खबर नहीं है। और पुलिस बल मौके पर मौजूद हैं। मसीही समाज इन दिनों 40 दिवसीय उपवास काल के मौके पर विशेष प्रार्थनाएं कर रहा है। दो माह पहले भी दलदल सिवनी मोवा के मितान विहार कॉलोनी में भी इसी तरह के मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था।